नवंबर में ऑस्ट्रेलिया से भारत में 2.31 लाख टन चना का आयात
14-Jan-2026 12:40 PM
ब्रिसबेन। सरकारी एजेंसी ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (ए बी एस) की रिपोर्ट से पता चलता है कि नवंबर 2025 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल 3.89 लाख टन चना का निर्यात हुआ जो अक्टूबर के शिपमेंट 98 हजार टन से करीब चार गुना ज्यादा रहा। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि वहां चना के नए माल की जोरदार आवक शुरू हो गई। नवंबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया से भारत के करीब 2.31 लाख टन चना का निर्यात किया गया जो अन्य देशो से काफी ज्यादा रहा इसके आलावा बांग्ला देश के 92 हजार टन एवं पाकिस्तान को 36 हजार टन चना का शिपमेंट हुआ।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार नवंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया से 4.15 लाख टन चना का शानदार निर्यात हुआ था जिसमे से अकेले भारत को 3.29 लाख टन का विशाल शिपमेंट किया गया था। भारत में आयात शुल्क लगाने की संभावना को देखते हुए आयातकों के ऑस्ट्रेलिया से भारी मात्रा में इसे मंगाना जारी रखा था।
ए बी एस की रिपोर्ट के अनुसार भारत ने सितंबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया से चना का कोई आयात नहीं किया और अक्टूबर में 40 हजार टन का स्टॉक मंगवाया लेकिन नवंबर में आयात उछलकर 2.31 लाख टन पर पहुंच गया इस तरह सितंबर-नवंबर 2025 की तिमाही के दौरान भारत में ऑस्ट्रेलिया से कुल 2.71 लाख टन चना का आयात हुआ। इस तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से करीब 5.14 लाख टन चना का निर्यात हुआ। इस अवधि में भारत के आलावा बांग्ला देश को 1.14 लाख टन, पाकिस्तान को 83 हजार टन तथा संयुक्त अरब अमीरात को 30 हजार टन चना भेजा गया जबकि शेष निर्यात अन्य देश को किया गया।
