नवम्बर में खाद्य तेलों का आयात उछलकर 15.90 लाख टन पर पहुंचा
12-Dec-2024 04:49 PM
मुम्बई । उम्मीद के विपरीत वर्तमान मार्केटिंग सीजन के प्रथम माह यानी नवम्बर 2024 में खाद्य तेलों का कुल आयात तेजी से उछलकर 15.90 लाख टन से ऊपर पहुंच गया जो अक्टूबर के आयात 14.63 लाख टन तथा नवम्बर 2023 के आयात 11.48 लाख टन से काफी अधिक है।
अक्टूबर के मुकाबले नवम्बर में आरबीडी पामोलीन का आयात 2.36 लाख टन से बढ़कर 2.85 लाख टन, क्रूड सूरजमुखी तेल का 2.39 लाख टन से उछलकर 3.41 लाख टन तथा क्रूड सोयाबीन तेल का आयात 3.42 लाख टन से सुधरकर 4.08 लाख टन पर पहुंच गया।
दूसरी ओर इसी अवधि में क्रूड पाम तेल का आयात 5.97 लाख टन से गिरकर 5.47 लाख टन तथा क्रूड पाम कर्नेल तेल का आयात 13 हजार टन से फिसलकर 10 हजार टन रह गया।
नवम्बर 2023 के मुकाबले नवम्बर 2024 के दौरान रिफाइंड खाद्य तेल (आरबीडी पामोलीन) का आयात 1.71 लाख टन से बढ़कर 2.85 लाख टन तथा क्रूड खाद्य तेल का आयात 9.77 लाख टन से उछलकर 13.06 लाख टन पर पहुंच गया।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार सोयाबीन तेल तथा सूरजमुखी तेल का आयात बढ़ाने का प्रयास इसलिए किया गया क्योंकि इसका भाव क्रूड पाम तेल से ज्यादा आकर्षक था। रिफाइंड पामोलीन की खरीद में भी काफी दिलचस्पी दिखाई गई।
1 दिसम्बर 2024 को भारतीय बंदरगाहों पर 9.98 लाख टन तथा पाइप लाइन में 15.71 लाख टन के साथ कुल 25.69 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद था।
इससे पूर्व यह स्टॉक 1 नवम्बर को 24.08 लाख टन, 1 अक्टूबर को 24.54 लाख टन तथा 1 दिसम्बर 2023 को 29.60 लाख टन दर्ज किया गया था।
2023-24 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के दौरान देश में कुल मिलाकर 159.63 लाख टन खाद्य तेलों का आयात किया गया जो 2022-23 के मार्केटिंग सीजन के रिकॉर्ड आयात 164.66 लाख टन से करीब 5 लाख टन कम था।
