नवम्बर-दिसम्बर में अर्जेन्टीना से हुआ खाद्य तेलों का सर्वाधिक आयात

13-Jan-2026 08:20 PM

मुम्बई। परम्परागत रूप से भारत में इंडोनेशिया एवं मलेशिया से खाद्य तेलों का सर्वाधिक आयात होता रहा है मगर चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती दो महीनों में अर्जेन्टीना उसे पीछे छोड़कर सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश बन गया। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के आंकड़ों से पता चलता है

कि नवम्बर-दिसम्बर 2025 के दो महीनों में भारत में 3500 टन आरबीडी पामोलीन, 11.31 लाख टन क्रूड पाम तेल, 5350 टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 876 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल, 4.93 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल तथा 5 हजार टन क्रूड रेपसीड तेल के साथ कुल 25.13 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ। सॉफ्ट तेलों का आयात पाम तेल से ज्यादा हुआ। 

एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार नवम्बर-दिसम्बर 2025 के दौरान भारत में अर्जेन्टीना से सर्वाधिक 6.78 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया

जबकि मलेशिया से 5.01 लाख टन, इंडोनेशिया से 3.88 लाख टन तथा रूस से 2.95 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ। ये चार देश भारत को खाद्य तेलों के सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता रहे। 

इसके अलावा भारत में थाईलैंड से 1.33 लाख टन, ब्राजील से 99 हजार टन, चीन से 1.11 लाख टन, यूक्रेन से 1.08 लाख टन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से 5 हजार टन तथा अन्य देशों से 1.96 लाख टन खाद्य तेल का आयात किया गया।

दक्षिण- पूर्व एशियाई देशों से मुख्यतः पाम तेल, लैटिन अमरीकी देशों से सोयाबीन तेल तथा काला सागर क्षेत्र के देशों से सूरजमुखी तेल मंगाया गया। यूएई से रेपसीड तेल का आयात हुआ।