ओएमएसएस के तहत गेहूं के आवंटित कोटे में 5 लाख टन की वृद्धि

29-Jan-2025 12:36 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत गेहूं के पूर्व आवंटित कोटे में 5 लाख टन का इजाफा कर दिया है।

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार घरेलू प्रभाग में आवश्यक खाद्य उत्पादों की आपूर्ति, उपलब्धता एवं कीमतों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय मंत्री समिति  की एक बैठक आयोजित हुई जिसमें ओएमएसएस के तहत गेहूं के कोटे का आवंटन 5 लाख टन बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) को इस आशय की सूचना प्रेषित की जाती है। 

उल्लेखनीय है कि शुरूआती दौर में खाद्य मंत्रालय ने दिसम्बर 2024 से मार्च 2025 की अवधि के दौरान खुले बाजार बिक्री योजना के माध्यम से बेचने के लिए 25 लाख टन गेहूं का कोटा आवंटित किया था जिसे अब 5 लाख टन बढ़ाकर 30 लाख टन कर दिया गया है।

ओएमएसएस के अंतर्गत पहले प्रत्येक सप्ताह एक लाख टन गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया जा रहा था जिसे बाद में बढ़ाकर डेढ़ लाख टन कर दिया गया।

इस 5 लाख टन के अतिरिक्त कोटे की वजह से खाद्य निगम को साप्ताहिक बिक्री मात्रा बढ़ाने में सहायता मिल सकती है।

केन्द्र सरकार गेहूं के बाजार भाव को जल्दी से जल्दी घटाना चाहती है ताकि आगामी महीनों में खाद्य निगम को केन्द्रीय पूल के लिए अधिक से अधिक मात्रा में दूसरी खरीद करने में सफलता मिल सके।