ओएमसी द्वारा 124 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति का टेंडर जारी

31-Jan-2025 05:20 PM

नई दिल्ली । स्वदेशी तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा वर्तमान एथनॉल आपूर्ति वर्ष (नवम्बर 2024 से अक्टूबर 2025) के दौरान 124 करोड़ लीटर एथनॉल की सप्लाई के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।

यह इस सीजन के लिए आपूर्ति का तीसरा चरण है लेकिन इस टेंडर के तहत केवल इसी एथनॉल की खेप को स्वीकार किया जाएगा जिसका निर्माण सी हैवी शीरा तथा भारतीय खाद्य निगम द्वारा उपलब्ध करवाए गए रियायती मूल्य (2250 रुपए प्रति क्विंटल) वाले चावल से हुआ होगा। 

उल्लेखनीय है कि सरकार ने एथनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) प्रोग्राम के अंतर्गत एथनॉल डिस्टीलरीज को बिक्री के लिए अधिकतम 24 लाख टन चावल का कोटा निर्धारित किया है और भारतीय खाद्य निगम को 2250 रुपए प्रति क्विंटल की दर से इसकी बिक्री करने के लिए कहा है। 

इस नए टेंडर के अंतर्गत स्वीकृत किए जाने वाले एथनॉल की खेप की आपूर्ति दूसरे चरण (फरवरी-अप्रैल) तथा तीसरी तिमाही (मई-जुलाई 2025) के दौरान की जानी है। इसके लिए बिड की अवधि 31 जुलाई 2025 तक वैध रहेगी।

ओएमसी को दूसरी तिमाही में 70.86 करोड़ लीटर तथा तीसरी तिमाही में 53.06 करोड़ लीटर एथनॉल की जरूरत पड़ने की संभावना है।

हाल ही में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने सी हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल के खरीद मूल्य में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी है जबकि चावल, मक्का गन्ना जूस / सीरप एवं बी हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल के दाम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। 

ओएमसी द्वारा अब तक 930 करोड़ लीटर एथनॉल की खरीद के लिए अनुबंध किया जा चुका है जिसमें खाद्य से निर्मित 593 करोड़ लीटर, गन्ना जूस से निर्मित 196 करोड़ लीटर, बी हैवी शीरा से बने 132 करोड़ लीटर तथा सी हैवी शीरा से उत्पादित 9 करोड़ लीटर एथनॉल शामिल है।