ओएमसी द्वारा डिस्टीलरीज को एथनॉल की अतिरिक्त आपूर्ति का आर्डर दिए जाने की संभावना
06-Jun-2025 04:28 PM
नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा डिस्टीलरीज को शीघ्र ही एथनॉल की अतिरिक्त मात्रा की आपूर्ति का आर्डर दिए जाने की संभावना है। 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के लिए 947 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। अब ओएमसी ने कुल मिलाकर 1050 करोड़ लीटर की आपूर्ति का कोटा नियत करने का निर्णय लिया है। इस अतिरिक्त मात्रा (103 करोड़ लीटर) की आपूर्ति का आर्डर शीघ्र ही डिस्टीलरीज को दिया जा सकता है। इसके तहत 30 करोड़ लीटर की अतिरिक्त मात्रा के लिए टेंडर जल्दी ही जारी होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का कार्यक्रम पहले से ही जारी है। इसके तहत सरकार ने 2024-25 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन में पेट्रोल में 18 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य रखा है। अगले सीजन के लिए यह लक्ष्य 20 प्रतिशत नियत किया गया है।
नवम्बर 2024 से अप्रैल 2025 तक पेट्रोल में 18.5 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य हासिल किया गया। 20 प्रतिशत मिश्रण का लक्ष्य हासिल करने हेतु करीब 1016 करोड़ लीटर एथनॉल की आवश्यकता पड़ेगी और यदि ओएमसी को यह सम्पूर्ण मात्रा हासिल हो गई तो कुल मिश्रण का लक्ष्य 2024-25 के सीजन में ही हासिल हो जाएगा।
दरअसल भारतीय खाद्य निगम ने पहले अनाज आधारित डिस्टीलरीज को 225 रुपए प्रति क्विंटल के रियायती मूल्य पर 24 लाख टन चावल का कोटा आवंटित किया था जिसे अब दोगुने से 52 लाख टन निर्धारित कर दिया है। इसे देखते हुए ओएमसी को अब 50 करोड़ लीटर के बजाए 130 करोड़ लीटर की अतिरिक्त आपूर्ति का आर्डर निर्गत करने के लिए कहा जा रहा है।
