ऑस्ट्रेलिया में बेहतर उत्पादन की उम्मीद से कनाडाई मसूर पर दबाव
13-Nov-2025 03:47 PM
सस्काटून। ऑस्ट्रेलिया में 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में मसूर का उत्पादन तेजी से बढ़कर नया रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है जिससे वैश्विक बाजार में इस महत्वपूर्ण दलहन की आपूर्ति एवं उपलब्धता जल्दी बढ़ जाएगी। उधर कनाडा रूस और कजाकिस्तान में भी मसूर का बेहतर उत्पादन हुआ है।
इसके फलस्वरूप अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में इन देशों के बीच सख्त प्रतिस्पर्धा होने के आसार हैं। मसूर के सबसे प्रमुख आयातक देश- भारत में इस महत्वपूर्ण दलहन पर 10 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा हुआ है।
कनाडा, रूस एवं कजाकिस्तान में मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है जबकि ऑस्ट्रेलिया में इसकी प्रक्रिया अभी जारी है। इधर भारत में मसूर की बिजाई पिछले महीने आरंभ हुई और अभी जारी है। मसूर का रकबा गत वर्ष से कुछ आगे है।
पश्चिमी कनाडा और खासकर सस्कैचवान प्रान्त की मंडियों में सीमित कारोबार के साथ मसूर का भाव लगभग स्थिर बना हुआ है।
मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य दिस्मबर दिसम्बर-जनवरी शिपमेंट के लिए 28 सेंट प्रति पौंड चल रहा है। एक प्लांट में डिलीवरी के लिए पिछले दिनों इसका दाम 30 सेंट प्रति पौंड पर पहुंचा था मगर बाद में बाजार सामान्य स्तर पर आ गया।
हल्की क्वालिटी की बड़ी हरी मसूर की लिवाली में खरीदारों की थोड़ी बहुत दिलचस्पी अभी देखी जा रही है। इसकी एक्स्ट्रा नंबर 3 ग्रेड का भाव करीब 22 सेंट प्रति पौंड और सामान्य नंबर 3 क्वालिटी का दाम 19-20 सेंट प्रति पौंड चल रहा है।
छोटी हरी मसूर की हल्की क्वालिटी वाले माल की खरीद में नगण्य दिलचस्पी दिखाई जा रही है। लाल मसूर का डिलीवरी मूल्य 23 सेंट प्रति पौंड के आसपास स्थिर बना हुआ है।
