ऑस्ट्रेलिया में मसूर को छोड़ अन्य प्रमुख फसलों का उत्पादन घटने की संभावना
05-Jun-2025 07:27 PM
कैनबरा। पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मसूर को छोड़कर अन्य चारों प्रमुख जिंसों- गेहूं, कैनाल, जौ एवं चना के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गई है। समीक्षाधीन वर्ष के दौरान यानी 2024-25 के मुकाबले 2025-26 के सीजन में मसूर का उत्पादन 17 प्रतिशत बढ़कर 15 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जो 10 वर्षीय औसत उत्पादन से 71 प्रतिशत अधिक है।
दूसरी ओर इसी अवधि में गेहूं का उत्पादन 10 प्रतिशत गिरकर 306 लाख टन, कैनोला का उत्पादन 6 प्रतिशत फिसलकर 57 लाख टन, जौ का उत्पादन 3 प्रतिशत गिरकर 128 लाख टन तथा चना का उत्पादन 17 प्रतिशत घटकर 19 लाख टन पर अटक जाने का अनुमान लगाया गया है।
हालांकि चना के बिजाई क्षेत्र में कुछ बढ़ोत्तरी हुई है मगर इसकी औसत उपज दर में भारी गिरावट आने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
सरकारी एजेंसी- अबारेस के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में शीतकालीन दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के मुकाबले इस बार 2 प्रतिशत सुधरकर 32 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान है।
इसके तहत खासकर चना, मसूर एवं ल्यूपिन के रकबे में इजाफा हुआ है। चना का बिजाई क्षेत्र 2 प्रतिशत सुधरकर 11 लाख हेक्टेयर और मसूर का उत्पादन क्षेत्र भी उछलकर 11 लाख हेक्टेयर पर पहुंच जाने का अनुमान है।
लेकिन दूसरी ओर कैनोला का बिजाई क्षेत्र 1 प्रतिशत फिसलकर 34 लाख हेक्टेयर पर अटक जाने की संभावना है। जौ तथा कैनोला के उत्पादन में सीमित गिरावट आने की संभावना है मगर गेहूं एवं चना का उत्पादन अपेक्षाकृत ज्यादा घट सकता है।
