Home News

ऑस्ट्रेलिया में थोड़ी नरमी के बावजूद चना का भाव ऊंचे स्तर पर कायम

28-Oct-2026 03:58 PM

ऑस्ट्रेलिया में थोड़ी नरमी के बावजूद चना का भाव ऊंचे स्तर पर कायम

ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया में ब्रिसबेन डिलीवरी के लिए चना का भाव अक्टूबर के पहले पखवाड़े में उछलकर 1000 डॉलर प्रति टन के ऊपर पहुंच गया था जो अब गिरकर 980 डॉलर प्रति टन के आसपास रह गया है मगर फिर भी सितम्बर के दूसरे पखवाड़े में प्रचलित मूल्य से करीब 90 डॉलर प्रति टन ऊंचा है। चना की ऊंची कीमतों से ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन घटने का साफ संकेत मिलता है।

नई फसल की कटाई-तैयारी के सीजन में चना का भाव इतना ऊंचा होने से वहां उत्पादकों को आकर्षक आमदनी प्राप्त हो रही है और आगे भी हासिल हो सकती है। उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया दुनिया में देसी चना का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार एक तरफ ऑस्ट्रेलिया में चना की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल रहने के संकेत मिल रहे है तो दूसरी ओर इसकी निर्यात मांग बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान आक्रामक ढंग से इसकी खरीद कर रहा है जबकि भारत एवं बंगाल देश के आयातक भी इसकी खरीद में अच्छी सक्रियता दिखा रहे हैं।

आगामी सप्ताहों के दौरान ब्रिसबेन बंदरगाह से चना लादकर जाने वाले अनेक जहाजों की बुकिंग हो चुकी है और कुछ कार्गो पर माल की लोडिंग भी हो रही है। नई फसल की कटाई-तैयारी के समय हुई बेमौसमी वर्षा के कारण ऑस्ट्रेलिया में चना की क्वालिटी प्रभावित होने की सूचना मिल रही है जिससे अच्छी गुणवत्ता वाले माल का निर्यात योग्य स्टॉक कम रह सकता है।

न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के उत्तरी भाग एवं क्वींसलैंड राज्य के दक्षिणी क्षेत्र में पिछले पखवाड़े अत्यन्त मूसलाधार बारिश हुई जिससे इन दोनों शीर्ष उत्पादक इलाकों में चना की फसल को काफी नुकसान होने की आशंका है।