ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन घटने की संभावना से कनाडा में मसूर का भाव मजबूत
21-Nov-2024 02:18 PM
सस्काटून । कनाडाई अनाज-दलहन बाजार में मसूर अभी एक मजबूत परफॉर्मर बनी हुई है। लाल मसूर का दाम कुछ सुधरकर 34 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है जिसे उत्पादकों के दृष्टि से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
समझा जाता है कि ऑस्ट्रेलिया में न केवल मसूर का उत्पादन काफी घटने की आशंका है बल्कि नई फसल की कटाई-तैयारी की गति भी बहुत धीमी है। इससे कनाडाई बाजार में मसूर की कीमतों पर दबाव काफी घट गया है।
विदेशी आयातक अच्छी मात्रा में इसकी खरीद में सक्रियता दिखा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में प्राकृतिक आपदाओं से मसूर की फसल को नुकसान हुआ है।
इधर भारत में मसूर के आयात की गति धीमी देखी जा रही है क्योंकि यहां इसका अच्छा स्टॉक मौजूद है, कीमतों में स्थिरता बनी हुई है और अगली फसल बेहतर होने की उम्मीद है। ज्ञात हो कि भारत मसूर का सबसे प्रमुख आयातक देश है।
कनाडा में हरी मसूर की कीमतों में कुछ उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है जो इसकी मांग एवं आपूर्ति के समीकरण पर आधारित है। सीमित कारोबार के बीच पहले हरी मसूर का भाव गिरकर 58 सेंट प्रति पौंड पर आ गया था मगर बाद में यह सुधरकर 60 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया।
मीडियम ग्रेड की हरी मसूर का कारोबार 39-40 अमरीकी सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर होने की सूचना मिल रही है जबकि छोटी हरी मसूर का भाव 53-56 कनाडाई सेंट प्रति पौंड के बीच चल रहा है।
अगले साल की नई फसल के लिए मसूर के अग्रिम अनुबंध मूल्य की शुरुआत ठीक से नहीं हो पाई है। कनाडा में अप्रैल-जून के दौरान मसूर की बिजाई होती है और अगस्त से फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो जाती है।
ऑस्ट्रेलिया में नई फसल की कटाई-तैयारी हो रही है जबकि भारत में मसूर की बिजाई जारी है। सरकार ने इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी कर दी है। बाजार भाव समर्थन मूल्य से कुछ ऊंचा चल रहा है।
