ऑस्ट्रेलिया से कैनोला के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी
15-Jul-2025 12:43 PM
होबार्ट। कैनोला के एक महत्वपूर्ण उत्पादक एवं निर्यातक देश- ऑस्ट्रेलिया से इस महत्वपूर्ण तिलहन का अच्छा शिपमेंट हो रहा है। सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि देश से मई में इस तिलहन का निर्यात बढ़कर 6.17 लाख टन पर पहुंच गया जो अप्रैल के शिपमेंट 4.95 लाख टन से करीब 25 प्रतिशत ज्यादा लेकिन मई 2024 के निर्यात 7.42 लाख टन से कम रहा।
हाल के महीनों की भांति यूरोपीय देश- बेल्जियम मई 2025 में भी ऑस्ट्रेलियाई कैनोला का प्रमुख खरीदार बना रहा। मई में वहां इसका निर्यात बढ़कर 1.89 लाख टन पर पहुंच गया जो माह के कुल ऑस्ट्रेलियाई निर्यात का लगभग 31 प्रतिशत रहा।
लेकिन गैर यूरोपीय देशों में शिपमेंट की गति अपेक्षाकृत धीमी रही लेकिन मुस्लिम बहुल देशों में इसका अच्छा शिपमेंट हुआ। मई में ऑस्ट्रेलिया से पाकिस्तान को करीब 1.27 लाख टन तथा संयुक्त अरब अमीरात को 1.21 लाख टन कैनोला का निर्यात किया गया।
जून से ऑस्ट्रेलियाई कैनोला के निर्यात में गिरावट का दौर शुरू हो जाने की संभावना है। क्योंकि एक तो वहां स्टॉक काफी घट गया है और दूसरे जुलाई-अगस्त से उत्तरी गोलार्द्ध के देशों में नई फसल की आवक शुरू होने पर प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ जाएगी।
17 जून तक के शिपमेंट के आधार पर जून माह की पूरी अवधि में ऑस्ट्रेलिया से महज 91 हजार टन तथा जुलाई में 1.35 लाख टन कैनोला का निर्यात होने का अनुमान लगाया गया है। ऑस्ट्रेलिया में कैनोला की बिजाई पहले ही पूरी हो चुकी है।
ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार मार्च-ैमई 2025 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर 20.16 लाख टन से कुछ अधिक कैनोला का निर्यात हुआ।
मार्च 2025 में निर्यात उछलकर 9.04 लाख टन के उच्च स्तर पर पहुंच गया था जो अप्रैल में लुढ़ककर 4.95 लाख टन पर सिमटने के बाद मई में बढ़कर 6.17 लाख टन पर पहुंच गया।
इस तिमाही के दौरान ऑस्टेलिया से बेल्जियम को 6.16 लाख टन, जर्मनी को 3.23 लाख टन फ्रांस को 1.89 लाख टन, हॉलैंड को 1.84 लाख टन, संयुक्त अरब अमीरात को 2.16 लाख टन पाकिस्तान को 1.27 लाख टन, ग्रीस (यूनान) को 1.21 लाख टन एवं जापान को करीब एक लाख टन कैनोला का निर्यात हुआ।
