ऑस्ट्रेलिया से कृषि उत्पादों के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी

11-Nov-2025 08:52 PM

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया में कृषि वर्षों का मार्केटिंग सीजन अक्टूबर से शुरू होकर सितम्बर तक चलता है। सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु गेहूं, जौ, ज्वार एवं कैनोला का जो निर्यात आंकड़ा जारी किया है वह कुल मिलाकर 2023-24 सीजन से काफी बेहतर है।

इसके तहत कैनोला का निर्यात प्र्दशन कुछ कमजोर रहा मगर अनाजी फसलों के शिपमेंट में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई जिसमें जौ मुख्य रूप से शामिल है।

एबीएस की रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया से उपरोक्त चार कृषि जिंसों- गेहूं, जौ, ज्वार एवं कैनोला का संयुक्त निर्यात बढ़कर 396.20 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच गया जो 2023-24 सीजन के कुल शिपमेंट 358.70 लाख टन से काफी ज्यादा और अब तक का तीसरा सबसे बड़ा निर्यात है।

इससे पूर्व ऑस्ट्रेलिया से 2021-22 के सीजन में 432.20 लाख टन तथा 2022-23 के सीजन में 477.60 लाख टन का रिकॉर्ड निर्यात हुआ था। 

उम्मीद के अनुरूप चीन इन ऑस्ट्रेलियाई कृषि उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बना रहा जिसने 2024-25 के सीजन में 94.20 लाख टन का आयात किया जो ऑस्ट्रेलिया के सकल निर्यात का 23.80 प्रतिशत था। वैसे चीन ने 2023-24 के सीजन में ऑस्ट्रेलिया से 29 प्रतिशत या 118 लाख टन अनाज एवं तिलहन मंगाया था जबकि 2024-25 में कम आयात किया उसके तहत जौ का आयात तो 60.30 लाख टन पर लगभग स्थिर रहा

जो 5 लाख टन का औसत मासिक निर्यात दर्शाता है। दूसरी ओर ज्वार का आयात 4 लाख टन से कुछ अधिक बढ़कर 23.40 लाख टन पर पहुंच गया।

इसके विपरीत चीन में ऑस्ट्रेलियाई गेहूं का आयात 2023-24 सीजन के 27.60 लाख टन से 72 प्रितशत या 27.10 लाख टन लुढ़ककर 2024-25 में 10.50 लाख टन पर अटक गया। दरअसल 2024-25 के सीजन में चीन में गेहूं का सकल आयात ही काफी घट गया। 

इसके बावजूद गेहूं ऑस्ट्रेलिया से निर्यात होने वाला सबसे प्रमुख कृषि उत्पाद बना रहा। दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में इसकी जोरदार मांग बनी रही।

ऑस्ट्रेलिया से 2023-24 के सीजन में 197.20 लाख टन गेहूं का निर्यात हुआ था जो 2024-25 के सीजन में बढ़कर 234.80 लाख टन पर पहुंच गया जो उपरोक्त चार जिंसों के सकल निर्यात का 59.3 प्रतिशत रहा ऑस्ट्रेलिया से दुनिया के 44 देशों को गेहूं का शिपमेंट किया गया।

इससे पूर्व ऑस्ट्रेलिया से 2022-23 के सीजन में 317.70 लाख टन, 2021-22 में 274.50 लाख टन तथा 2020-21 में 237.10 लाख टन गेहूं का निर्यात हुआ था।