ऑस्ट्रेलियाई किसानों द्वारा स्टॉक दबाने से भारत में चना के आयात की गति धीमी

13-Jan-2026 08:26 PM

नई दिल्ली। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन में 9 जनवरी तक चना का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 95.88 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 91.22 लाख हेक्टेयर से 4.66 लाख हेक्टेयर या 5.11 प्रतिशत ज्यादा है। इसी तरह रबी कालीन दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र भी 2.83  प्रतिशत की वृद्धि के साथ 136.36 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। 

पिछले दो-तीन सप्ताहों से चना के घरेलू बाजार भाव में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। आई ग्रेन इंडिया के डायरेक्टर एवं अग्रणी बाजार विश्लेषक- राहुल चौहान का कहना है कि घरेलू मांग सुधरने तथा आयात की गति धीमी रहने से चना की कीमत मजबूत हो रही है।

ऑस्ट्रेलिया में उत्पादकों ने आगे दाम में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद से चना का स्टॉक दबाना शुरू कर दिया है। वहां किसानों को मूल्य वृद्धि का इंतजार है हालांकि ऑस्ट्रेलिया में इस बार भी चना का शानदार उत्पादन हुआ है

लेकिन वहां किसानों को बांग्ला देश एवं पाकिस्तान सहित अन्य मुस्लिम बहुल देशों में रमजान की जोरदार मांग निकलने का भरोसा है जिससे कीमतों में कुछ तेजी आने की उम्मीद की जा रही है।

ऑस्ट्रेलिया में 2025-26 सीजन के दौरान 21-22 लाख टन चना का बम्पर उत्पादन हुआ है और देर-सबेर उत्पादकों को इसकी बिक्री करनी ही पड़ेगी। जब तक जोरदार बिक्री शुरू नहीं होती तब तक आयात की रफ्तार सुस्त रह सकती है।