पंजाब में गेहूं की खरीद 111 लाख टन के करीब पहुंची

01-May-2025 04:13 PM

चंडीगढ़। पंजाब के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री ने पिछले दिन कहा कि राज्य की मंडियों में अब तक लगभग 114 लाख टन गेहूं की आवक हुई जिसमें से 111 लाख टन की खरीद हो गई।

सरकारी एजेंसियों एवं व्यापारिक फर्मों द्वारा किसानों से गेहूं की खरीद की जा रही है। इस 111 लाख टन गेहूं की कुल खरीद में सरकारी एजेंसियों की भागीदारी 100 लाख टन की सीमा को पार करते हुए 103 लाख टन पर पहुंच गई और इसके एवज में किसानों के बैंक खाते में 22,815 करोड़ रुपए की राशि जमा करवाई जा रही है।

राज्य की विभिन्न मंडियों में एवं सरकारी क्रय केन्द्रों पर 30 अप्रैल तक कुल 6,28,674 किसान अपना गेहूं उतार चुके थे। क्रय केन्द्रों पर खरीदे गए गेहूं का उठाव भी तेज गति से हो रहा है।

अभी तक 47.37 लाख टन से अधिक गेहूं का उठाव हो चुका है। गेहूं की निर्बाध एवं सुगम खरीद सुनिश्चित करने के लिए पंजाब में इस बार कुछ 2885 क्रय केन्द्र स्थापित किए गए है जिसमें 1021 अस्थायी उपार्जन केन्द्र भी शामिल हैं।

केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का सर्वाधिक योगदान देने वाले राज्य- पंजाब में इस बार 124 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जबकि खरीद की समय सीमा 15 मई तक नियत की गई है।

पंजाब के खाद्य मंत्री ने पहले कहा था कि इस वर्ष राज्य की मंडियों में करीब 125 लाख टन गेहूं की आवक हो सकती है। अभी मंडियों तथा सरकारी क्रय केन्द्रों में महत्वपूर्ण खाद्यान्न की अच्छी आवक हो रही है और खरीद की गति भी तेज है।

उल्लेखनीय है कि पंजाब में इस बार प्राइवेट व्यापारियों / स्टॉकिस्टों एवं फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स के साथ-साथ कुछ बढ़ी कंपनियों द्वारा भी गेहूं के खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखाई जा रही है।

पूर्ववर्ती वर्षों में पंजाब के मिलर्स / प्रोसेसर्स उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान से भारी मात्रा में गेहूं मंगाते थे लेकिन इस बार वहां भाव ऊंचा होने से वे पंजाब में ही इसकी खरीद बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।