पंजाब में वर्तमान रबी सीजन के लिए यूरिया का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने का दावा

09-Dec-2024 12:30 PM

नई दिल्ली । सरकारी उर्वरक कम्पनी - एनएफएल ने कहा है कि पंजाब में वर्तमान रबी बिजाई सीजन की मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए यूरिया का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसलिए किसानों को इसका भारी-भरकम स्टॉक जमा नहीं करना चाहिए।

कम्पनी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि रबी फसलों के लिए राज्य में यूरिया की नियमित आपूर्ति जारी रहेगी। इस बार रबी सीजन के लिए पंजाब में यूरिया की जितनी आवश्यकता पड़ेगी उतना स्टॉक उपलब्ध करवाया जा रहा है। 

कम्पनी का दावा है कि पंजाब में 1 अक्टूबर से हुई यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है और इसलिए किसानों को चिंतित या परेशान होने  की जरूरत नहीं है। उन्हें अपनी आवश्यकता से अधिक मात्रा में इसका स्टॉक करने की जरूरत भी नहीं है।

उल्लेखनीय है कि रबी फसलों और खासकर गेहूं की बोआई के समय राज्य में डीएपी खाद की कमी पड़ जाने से किसान आशंकित हैं और इसलिए यूरिया की भारी खरीद करके इसका स्टॉक बनाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आगामी समय में इसका अभाव महसूस न हो।

एनएफएल ने कहा है कि पंजाब में यूरिया की जितनी मात्रा की आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है उसकी तुलना में एक लाख टन से अधिक स्टॉक उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे किसानों को यूरिया खरीदने में कोई कठिनाई नहीं होगी। 

नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड के अनुसार उर्वरक कंपनियां पंजाब में 60 प्रतिशत यूरिया की आपूर्ति मार्कफेड के माध्यम से तथा 40 प्रतिशत की आपूर्ति प्राइवेट डीलर्स के जरिए कर रही है।

किसानों को इस अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए कि आगे चलकर यूरिया का अभाव उत्पन्न हो सकता है। वास्तविक्ता तो यह है कि सिर्फ पंजाब के लिए ही नहीं बल्कि देश के अन्य प्रांतों की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी यूरिया का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। देश में यूरिया का उत्पादन 2014-15 के 225 लाख टन से बढ़कर 2023-24 में 314 लाख टन पर पहुंच गया।

किसानों को केन्द्र सरकार द्वारा अधिसूचना उच्चतम खुदरा मूल्य पर यूरिया उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसकी एक बोरी (45 किलो) का दाम लगभग 250 रुपए बैठ रहा है।