प्रतिकूल मौसम से कनाडा में मटर की बिजाई की गति धीमी
15-May-2026 08:25 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में मौसम की हालत इस तरह अनुकूल नहीं होने से खासकर उत्तरी एवं पूर्वी भाग में मटर की बिजाई में देरी हो रही है। अगर ज्यादा दिनों तक बिजाई संभव नहीं हो सकी तो किसान मटर के बजाए अन्य फसलों की बिजाई आरंभ कर सकते हैं जिससे इसके क्षेत्रफल में कमी आ सकती है।
वर्तमान समय में कनाडा में पीली मटर का भाव कुछ मजबूत बना हुआ है क्योंकि चीन और भारत के आयातक इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पीली मटर का भाव उत्पादक मंडियों में 8 डॉलर प्रति बुशेल के आसपास मजबूती से स्थिर बना हुआ है और निकट भविष्य में इसमें ज्यादा गिरावट आने की संभावना नहीं है।
वैसे कनाडा में किसानों के पास अब भी मटर का भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है जिसे घटाने के लिए अच्छी मात्रा में उसकी बिक्री का प्रयास किया जा रहा है। मटर की बिजाई पहले ही आरंभ हो चुकी है। इसकी अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य भी 8 डॉलर प्रति बुशेल के करीब ही है।
जहां तक हरी मटर का सवाल है तो इसका दाम 9.50 डॉलर प्रति बुशेल बताया जा रहा है जबकि इसकी अगली नई फसल का अग्रिम अनुबंध मूल्य 9.00-9.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है। मापले मटर का भाव 10.50-12.00 डॉलर प्रति बुशेल के बीच स्थिर बना हुआ है। कारोबार में ज्यादा सक्रियता नहीं है। चालू माह के अंत तक कनाडा में मटर के बिजाई क्षेत्र की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी। अमरीका में भी मटर की बिजाई अभी जारी है।
