प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लिए 2.03 लाख करोड़ रुपए का आवंटन
03-Feb-2025 08:37 PM
नई दिल्ली । देश की आम जनता की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केन्द्रीय आम बजट में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के मद में 2.03 लाख करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है। इस स्कीम के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत वितरण करने तथा बफर स्टॉक को बरकरार रखने के लिए खाद्यान्न की खरीद की जाती है।
उल्लेखनीय है कि बजट प्रस्तावों में 'गरीब' युवा' 'अन्नदाता' तथा नारी पर विशेष ध्यान दिया गया है। केन्द्रीय वित्त मंत्री के मुताबिक देश की खाद्य जरूरतों की पूर्ति तथा ग्रामीण क्षेत्र की समृद्धि पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है।
बजट में आवंटित इस धनराशि उपयोग 775 लाख टन धान, 265 लाख टन गेहूं तथा 8.75 लाख टन मोटे अनाजों की खरीद के लिए किया जाएगा। जिससे 1.35 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे क्योंकि उनसे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इसकी खरीद की जाएगी।
इसके अलावा दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए छह वर्षीय मिशन की घोषणा भी की गई है जिसके तहत खासकर तुवर, उड़द एवं मसूर की पैदावार बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
खाद्य मंत्रालय के इस वर्ष 300 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए आवश्यक तैयारी भी शुरू कर दी है। खरीफ कालीन धान की सरकारी खरीद अक्टूबर 2025 से शुरू होगी जो बहुत दूर है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि मोटे अनाजों की खरीद किस स्तर तक पहुंचती है क्योंकि मक्का का भाव एमएसपी से ऊपर चल रहा है।
वित्त मंत्री के मुताबिक राज्यों के साथ साझेदारी में धन-धन्य कृषि योजना आरंभ की जाएगी और इसमें उन 100 जिलों को शामिल किया जाएगा जहां फसलों की उपज दर नीचे रहती है। सघनता काफी कम होती है और किसानों को ऋण कम मिलता है।
