प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 1118 लाख टन खाद्यान्न आवंटित
01-Jan-2026 03:43 PM
नई दिल्ली। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के आकड़ों से पता चलता है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत पहले से सातवें चरण के दौरान कुल मिलाकर लगभग 1118 लाख टन खाद्यान्न का आवंटन किया गया जिसका मूल्य लगभग 3.91 लाख करोड़ रुपए आंका गया। इस योजना के तहत देश के 80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को प्रति माह 5 किलो अनाज मुफ्त में दिया जा रहा है।
इस योजना से देश के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है। इसके साथ-साथ अंत्योदय अन्नपूर्णा योजना तथा पीएचएच के लाभार्थियों को भी योजना का लाभ मिल रहा है। 1 जनवरी 2023 से मुफ्त राशन वितरण योजना आरंभ हुई जबकि उससे पूर्व सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत लाभार्थियों को 3 रुपए प्रति किलो की दर से चावल, 2 रुपए प्रति किलो की दर से गेहूं और 1 रुपए प्रति किलो की दर से मोटे अनाज का वितरण किया जा रहा था। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न के मुफ्त वितरण की अवधि को 1 जनवरी 2024 से अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया है जिससे नियमित रूप से लाभार्थियों को इसका फायदा मिलता रहेगा।
वर्तमान समय में लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन वितरण योजना का फायदा मिल रहा है जबकि सरकार का इरादा लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर 81.35 करोड़ तक पहुंचाने का है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत अनेक योजनाओं के लिए खाद्यान्न का कोटा आवंटित किया जाता है। इसके तहत वर्ष 2025-26 के लिए 370.53 लाख टन चावल, 176.62 लाख टन गेहूं एवं 7.83 लाख टन मोटे नाज सहित कुल 554.99 लाख टन खाद्यान्न का आवंटन किया गया है।
