पूर्वी क्षेत्र के जलाशयों में 73 प्रतिशत पानी का स्टॉक

09-Jan-2026 03:14 PM

कोलकाता। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि देश के पूर्वी संभाग में अवस्थित 27 प्रमुख बांधों जलाशयों में 15.828 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक बचा हुआ है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 21.759 बीसीएम का 73 प्रतिशत है।

इस संभाग के आसाम, झारखंड, मिजोरम, त्रिपुरा एवं पश्चिम बंगाल में जल स्तर घट गया है लेकिन मेघालय का एक मात्र जलाशय अभी पानी से पूरी तरह भरा हुआ है।

आसाम में दो जलाशय है। मगर उसमें कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले केवल 36.28 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है जो सम्पूर्ण पूर्वी संभाग में सबसे निचला स्तर है। त्रिपुरा के एक मात्र बांध में 76 प्रतिशत और उड़ीसा के 11 जलाशयों में 78 प्रतिशत पानी का भंडार उपलब्ध है। 

देश के मध्यवर्ती संभाग में भी कुल 28 जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 37.739 बीसीएम रह गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 48.588 बीसीएम का 77.7 प्रतिशत है। मध्य प्रदेश के जलाशयों में 80 प्रतिशत तक पानी का भंडार उपलब्ध है। इसी तरह छत्तीसगढ़ के बांध पानी से 85 प्रतिशत तक भरे हुए हैं लेकिन उत्तराखंड में जल स्तर 73 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में 70 प्रतिशत पर आ गया है। 

देश के पूर्वी एवं मध्यवर्ती संभाग में लम्बे समय से अच्छी वर्षा नहीं हुई है जबकि रबी फसलों की सिंचाई एवं पेयजल की व्यवस्था के लिए पानी की निकासी नियमित रूप से हो रही है।

इसके फलस्वरूप बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर लगातार घटता जा रहा है। ठंडे मौसम के कारण फिलहाल स्थिति काफी हद तक संतोषजनक है लेकिन अगले महीने से संकट बढ़ना शुरू हो सकता है। इस बीच यदि अच्छी बारिश हो जाती है तो पानी के अभाव की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।