रबी फसलों का बिजाई क्षेत्र सुधरकर 493.62 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
09-Dec-2024 07:58 PM
नई दिल्ली । मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने के बावजूद रबी फसलों की बिजाई की गति गत वर्ष से बेहतर है। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 493.62 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 486.30 लाख हेक्टेयर से 7.32 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। इस बार रबी फसलों का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 635.60 लाख हेक्टेयर आंका गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस बार गेहूं, मोटे अनाज, दलहन एवं धान का उत्पादन क्षेत्र आगे चल रहा है मगर तिलहन फसलों का रकबा घट गया है।
गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 234.15 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 239.49 लाख हेक्टेयर, दलहनों का बिजाई क्षेत्र 115.70 लाख हेक्टेयर से उछलकर 120.65 लाख हेक्टेयर, धान का क्षेत्रफल 10.93 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 11.19 लाख हेक्टेयर तथा श्री अन्न सहित मोटे अनाजों का रकबा 35.08 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 35.77 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया मगर तिलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र 90.45 लाख हेक्टेयर से घटकर 86.52 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।
दलहन फसलों में चना एवं मसूर की बिजाई बढ़ी है मगर अन्य दलहनों का रकबा कुछ पीछे चल रहा है। इसी तरह मोटे अनाजों में ज्वार का क्षेत्रफल बढ़ा है और मक्का के बिजाई क्षेत्र में मामूली सुधार आया है।
तिलहनों में सरसों और मूंगफली की बिजाई पीछे चल रही है। गेहूं का सामान्य औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर नियत हुआ है बिजाई क्षेत्र अभी इससे काफी पीछे है।
