रबी फसलों के एमएसपी में 130 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी
16-Oct-2024 05:27 PM
नई दिल्ली । केन्द्र सरकार ने 2025-26 के मार्केटिंग सीजन हेतु रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 130 रुपए से लेकर 300 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा कर दिया है। सबसे कम 130 रुपए की वृद्धि जौ में तथा सबसे ज्यादा 300 रुपए की वृद्धि सरसों के समर्थन मूल्य में की गई है।
सरकारी निर्णय के बाद 2024-25 के मुकाबले 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपए प्रति क्विंटल से 150 रुपए बढ़कर 2425 रुपए प्रति क्विंटल, जौ का 1850 रुपए से 130 रुपए बढ़कर 1980 रुपए प्रति क्विंटल, चना का 5440 रुपए प्रति क्विंटल से 210 बढ़कर 5650 रुपए प्रति क्विंटल,
मसूर का 6425 रुपए प्रति क्विंटल से 275 रुपए बढ़कर 6700 रुपए प्रति क्विंटल, सरसों-रेपसीड का 5650 रुपए प्रति क्विंटल से 300 रूपए बढ़कर 5950 रूपए प्रति क्विंटल तथा सैफ्लावर (करडी या कुसुम) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5800 रुपए प्रति क्विंटल से 140 रुपए बढ़कर 5940 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है।
आर्थिक मामलों की केन्द्रीय कैबिनेट समिति (सीसीईए) की आज यानी 16 अक्टूबर 2024 को हुई महत्वपूर्ण बैठक में रबी फसलों के न्यूतनम समर्थन मूल्य में इस बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। ज्ञात हो कि रबी सीजन में कुछ छह फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण होता है।
