रबी कालीन फसल की आवक जोर पकड़ने से मक्का का भाव नरम पड़ने की संभावना

25-Apr-2025 07:31 PM

नई दिल्ली। खरीफ कालीन मक्का की आपूर्ति का दबाव घटने के बाद बाजार में थोड़ी तेजी का माहौल बना था लेकिन प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में रबी कालीन फसल के नए माल की आवक बढ़ने लगी है जिससे कीमतों में कुछ नरमी आ सकती है। सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- बिहार में नए  मक्के की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने पर बाजार कुछ दबाव में आने की संभावना है। 

हालांकि बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब तथा हरियाणा जैसे राज्यों में कुछ दिन पूर्व आंधी-बारिश का प्रकोप देखा गया था और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई थी

लेकिन मक्का की फसल पर इसका कोई विशेष असर नहीं पड़ा लेकिन इसकी कटाई-तैयारी में थोड़ी देर अवश्य हो गई। अब इन सभी राज्यों में मौसम साफ एवं गर्म हो गया है जिससे फसल जल्दी-जल्दी पकने लगी है।

आगामी सप्ताहों के दौरान फसल की कटाई-तैयारी की गति काफी तेज होने की उम्मीद है। बेशक पशु आहार, पॉल्ट्री फीड एवं स्टार्च निर्माण उद्योग के साथ-साथ एथनॉल उत्पादन में भी मक्का की अच्छी मांग बनी हुई है

इसलिए कीमतों में भारी गिरावट आने की आशंका नहीं है लेकिन जब नए माल की जोरदार आवक होगी तब बाजार पर कुछ समय के लिए मनोवैज्ञानिक दबाव पड़ सकता है। ऐसे समय में खासकर छोटे-छोटे उत्पादक कुछ नीचे दाम पर अपना माल बेचने का प्रयास कर सकते हैं। 

2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जबकि थोक मंडी भाव इससे कुछ ऊपर चल रहा है। यदि यह भाव समर्थन मूल्य से नीचे आया तो इसकी सरकारी खरीद आरंभ हो सकती है।

सरकार मुख्यतः एथनॉल निर्माताओं को आपूर्ति के लिए किसानों से मक्का खरीदने का प्रयास कर सकती है। बिहार में मक्का की फसल कटाई के लिए तैयार है।

वहां खगड़िया, बेगूसराय, पूर्णिया (गुलाब बाग), मधेपुरा, मानसी, दरभंगा, समस्तीपुर एवं गोगरी- जमालपुर में नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो गई है।

आंधी-बारिश से कटाई में बाधा पड़ने के कारण मक्का का भाव 75-100 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया था जो ज्यादा आपूर्ति होने पर नीचे आ सकता है।

इस बार मक्का के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है और इसलिए कहीं-कहीं औसत उपज दर में गिरावट आने की आशंका के बावजूद इसका शानदार उत्पादन हो सकता है। अधिकांश क्षेत्रों में मक्का का भाव सरकारी समर्थन मूल्य से ऊपर चल रहा है।