रबी कालीन दलहनों का उत्पादन सामान्य होने की उम्मीद

05-Jan-2026 07:36 PM

नई दिल्ली। रबी सीजन की तीन खाद्य दलहन फसलों चना, मसूर एवं मटर की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और मौसम की हालत अनुकूल रहने से फसलों की प्रगति में कोई खास बाधा नहीं पड़ रही है।

अन्य दलहनों- उड़द, मूंग, कुलथी एवं खेसारी आदि की थोड़ी-बहुत बिजाई अभी जारी है लेकिन आगामी सप्ताहों के दौरान क्षेत्रफल में जोरदार इजाफा होने की संभावना नहीं है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार रबी कालीन दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र इस वर्ष 26 दिसम्बर तक 133.44 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल के समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 129.79 लाख हेक्टेयर से ज्यादा लेकिन पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 139.69 लाख हेक्टेयर से कम है।

औसतन 94 प्रतिशत क्षेत्र में दलहनों की बिजाई हो चुकी है और यदि संभव हुआ तो कुल रकबा औसत क्षेत्रफल के करीब पहुंच सकता है। 

19-26 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान 6.70 लाख हेक्टेयर में दलहनों की बिजाई हुई जबकि गत वर्ष के इसी सप्ताह में 6.77 लाख हेक्टेयर में खेती हुई थी। हाल के सप्ताहों में औसतन 8.13 लाख हेक्टेयर में बिजाई की गई थी।

दलहनों के उत्पादन क्षेत्र में यह वृद्धि मुख्यतः चना की वजह से हुई और मसूर का रकबा भी कुछ बढ़ा जबकि अन्य दलहनों का बिजाई क्षेत्र या तो गत वर्ष के बराबर या उससे पीछे है। इसे देखते हुए दलहनों का कुल उत्पादन लगभग सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है।