राजस्थान में चना के बिजाई क्षेत्र में जबरदस्त बढ़ोत्तरी
31-Dec-2025 04:12 PM
बीकानेर। भारत में दलहनों के एक अग्रणी उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में खरीफ सीजन के दौरान मूंग एवं मोठ तथा रबी सीजन के दौरान चना की खेती बड़े पैमाने पर होती है। राज्य कृषि विभाग की रिपोर्ट से पता चलता है
कि मौजूदा रबी सीजन के दौरान राजस्थान में चना का उत्पादन क्षेत्र तेजी से उछलकर 22.40 लाख हेक्टेयर के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 16.55 लाख हेक्टेयर से 5.85 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। हालांकि गुजरात में भी रकबा बढ़ा है लेकिन वहां क्षेत्रफल में महज 45 हजार हेक्टेयर का इजाफा हुआ है।
देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में गेहूं, जौ एवं सरसों के उत्पादन क्षेत्र में भी वृद्धि हुई है मगर सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी चना के क्षेत्रफल में देखी जा रही है।
दरअसल राज्य के विभिन्न भागों में वर्ष 2025 के दक्षिण-पश्चिम मानसून के सीजन में तथा उसके बाद भी काफी अच्छी वर्षा हुई और खेतों की मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद हो गया।
इससे किसानों को चना सहित अन्य प्रमुख रबी फसलों की अगैती बिजाई आरंभ करने तथा बाद में बिजाई की रफ्तार बढ़ाने का अच्छा अवसर प्राप्त हो गया।
इसके अलावा केन्द्र सरकार द्वारा चना के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी अच्छी बढ़ोत्तरी की गई है जिससे किसानों का उत्साह बढ़ गया।
राष्ट्रीय स्तर पर चना का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 91.22 लाख हेक्टेयर से 4.66 लाख हेक्टेयर बढ़कर इस बार 95.88 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है जो सामान्य औसत क्षेत्रफल 101 लाख हेक्टेयर से कुछ कम है।
गत वर्ष चना का कुल उत्पादन क्षेत्र 91.22 लाख हेक्टेयर पर ही अटक गया था। कुछ राज्यों में इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से पीछे चल रहा है।
