राजस्थान में रबी फसलों का रकबा 60.53 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

11-Nov-2025 09:35 PM

जयपुर। देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में रबी फसलों की खेती के प्रति किसानों में जबरदस्त उत्साह एवं आकर्षण देखा जा रहा है। इसके फलस्वरूप वहां 10 नवम्बर 2025 तक इसका कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 60.53 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 50.69 लाख हेक्टेयर से 9.87 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। रबी फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है। 

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में मौजूदा रबी सीजन के दौरान राजस्थान में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 3.77 लाख हेक्टेयर से उछलकर 7.32 लाख हेक्टेयर तथा जौ का बिजाई क्षेत्र 95 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 1.68 लाख हेक्टेयर हो गया। अनाजी फसलों का कुल रकबा भी 4.73 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

इसी तरह दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 12.43 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 16 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। इसके तहत खासकर चना का बिजाई क्षेत्र 12.24 लाख हेक्टेयर से उछलकर 15.89 लाख हेक्टेयर पर पहुंच पहुंचा जबकि अन्य दलहनों का रकबा 19 हजार हेक्टेयर से गिरकर 11 हजार हेक्टेयर रह गया।

तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 28.69 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 30.46 लाख हेक्टेयर हो गया। इसके तहत सरसों का बिजाई क्षेत्र 28.06 लाख हेक्टेयर से उछलकर 29.41 लाख हेक्टेयर तथा तारामीरा का रकबा 56 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 99 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया। राजस्थान सरसों एवं जौ का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है।