रिकॉर्ड उत्पादन एवं चीन की खरीदारी से ब्राजील से सोयाबीन का विशाल निर्यात

18-May-2026 08:14 PM

परानागुआ। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी समाप्त हो चुकी है और अब इसके कुछ राष्ट्रीय उत्पादन का आंकलन किया जा रहा है। आरंभिक रिपोर्ट में वहां सोयाबीन का उत्पादन उछलकर 1780-1800 लाख टन के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जो ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर है। 

सर्वकालीन सर्वोच्च उत्पादन के सहारे ब्राजील को 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में सोयाबीन का निर्यात भी बढ़ाकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचाने में सफलता मिलने की उम्मीद है।

चीन का विशाल बाजार उसके निर्यातकों के लिए  पूरी तरह खुला हुआ है। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने चालू वर्ष के दौरान ब्राजील में 1800 लाख टन सोयाबीन का रिकॉर्ड उत्पादन होने तथा ब्राजील से इसका कुल निर्यात 1125 लाख टन के नए शीर्ष स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।

ब्राजील के घरेलू प्रभाग में सोयाबीन की क्रशिंग-प्रोसेसिंग भी बड़े पैमाने पर होती है। ब्राजील सोया तेल एवं सोयामील का भी एक अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश है। भारत में ब्राजील से अच्छी मात्रा में क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का आयात किया जाता है। ब्राजील से लगभग 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात अकेले चीन को किया जाता है।