सी-हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल के मूल्य में वृद्धि

30-Jan-2025 01:09 PM

नई दिल्ली। आर्थिक मामलों की केन्द्रीय कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने सी-हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल का मूल्य 2023-24 सीजन के 56.58 रुपए प्रति लीटर से 1.39 रुपये या 3 प्रतिशत बढ़ाकर 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के लिए 57.97 रुपए प्रति लीटर नियत करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है।

लेकिन मक्का से निर्मित एथनॉल के दाम में कोई वृद्धि नहीं हुई है और इसे 71.86 रुपए प्रति लीटर के पुराने स्तर पर बरकरार रखा गया है।

इसी तरह गन्ना जूस एवं सीरप से बने एथनॉल का मूल्य 65.61 रुपए प्रति लीटर, क्षतिग्रस्त अनाज (चावल) से बने एथनॉल का दाम 64 रुपए प्रति लीटर तथा बी-हैवी शीरा से निर्मित नवीनीकृत ईंधन (एथनॉल) का मूल्य 60.73 रुपए प्रति लीटर पर ही स्थिर रहेगा।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के रियायती दाम वाले चावल से निर्मित एथनॉल का मूल्य भी 58.50 रुपए प्रति लीटर पर बरकरार रहेगा।

सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य हासिल करने के लिए गन्ना के उपयोग को नियंत्रण मुक्त कर दिया है और खाद्य निगम के चावल का दाम भी घटाकर 2250 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है।

इससे एथनॉल का उत्पादन  बढ़ाने तथा लागत खर्च घटाने में सहायता मिलेगी। दरअसल सरकार इस बार एथनॉल निर्माण में गन्ना जूस एवं सीरप तथा बी हैवी शीरा के उपयोग को ज्यादा प्रोत्साहित नहीं करना चाहती है क्योंकि इसे चीनी का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। बी हैवी शिरा में चीनी का अंश बहुत कम होता है।