सभी निर्यात-आयात की जानकारी के लिए व्यापक व्यापार पोर्टल की शुरूआत

12-Sep-2024 08:41 PM

नई दिल्ली । केन्द्र सरकार ने उद्यमियों-व्यापारियों के लिए निर्यात और आयात की समस्त जानकारी उपलब्ध करवाने के वास्ते "ट्रेड कनेक्ट ई-प्लेटफार्म" की शुरूआत की है।

विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों के सहयोग से विकसित इस पोर्टल का उद्देश्य देश के 6 लाख से अधिक आई ई सी धारकों के बीच सम्पर्क स्थापित करना और उन्हें  रीयल टाइम (सटीक समय) व्यापार सम्बन्धी आंकड़ा उपलब्ध करवाना है।

इस पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा और वर्ष 2025 तक इसमें इसके दूसरे वर्जन (स्वरुप) में अतिरिक्त सेवाओं को शामिल कर लिया जाएगा।

11 सितम्बर 2024 को इसकी विधिवत लांचिंग की गई। इसमें निर्यात और आयात से सम्बन्धित सभी तरह की सूचना एवं जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें आयातकों-निर्यातकों को अपना कारोबार करने में काफी सुविधा और आसानी होगी।

यह ई-प्लेटफार्म विदेश मंत्रालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, निर्यात आयत (एक्जिम) बैंक, वित्तीय सेवा विभाग तथा सूचना-प्रौद्योगिकी क्षेत्र के जाने माने प्रतिष्ठान- टी सी एस के सहयोग से विकसित किया गया है। 

यह पोर्टल 6 लाख से अधिक आयात-निर्यात कोड (आई ई सी) धारकों, 180 से ज्यादा भारतीय मिशन के अधिकारियों, 600 से अधिक निर्यात संवर्धन परिषद के अधिकारियों को आपस में जोड़ेगा और साथ ही साथ विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), वाणिज्य विभाग तथा बैंकों से भी सम्पर्क स्थापित करेगा।