सीमित कारोबार के साथ कनाडा में काबुली चना का भाव स्थिर

13-Jun-2025 05:17 PM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में काबुली चना का कारोबार सुस्त पड़ गया है और कीमतों में भी कोई खास तेजी-मंदी नहीं देखी जा रही है। बिजाई की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब सबका ध्यान नई फसल की पैदावार पर केन्द्रित हो गया है। प्रमुख उत्पादक इलाकों में मौसम की हालत फसल के लिए पूरी तरह अनुकूल नहीं है इसलिए कुछ खरीदार पुराने एवं नए माल की खरीद करके स्टॉक बनाने का प्रयास कर रहे हैं। समझा जाता है कि उत्पादकों को बेहतर उत्पादन का भरोसा नहीं है इसलिए वे आगामी फसल के लिए खरीद बिक्री का अंतिम अनुबंध करने से हिचकने लगे हैं। इससे काबुली चना की कीमतों में आगे कुछ तेजी आ सकती है।  

अच्छी क्वालिटी के बड़े दाने वाले काबुली चना का भाव 35-37 सेंट प्रति पौंड के करीब चल रहा है जबकि 9 मि०मी० के दाने की कम मात्रा वाले स्टॉक का दाम क्रमिक रूप से नीचे चल रहा है। इसका अंश जितना कम होता है मूल्य भी उतना ही नीचे रहता है। कुछ खरीदार नई फसल के माल की खरीद का अग्रिम सौदा करने की कोशिश में है मगर उसमें उसे ज्यादा सफलता नहीं मिल रही है। वर्तमान समय में पश्चिमी कनाडा की मंडियों में चना का भाव नीचे में 27 सेंट से लेकर ऊपर में 33 सेंट प्रति पौंड के बीच नई फसल के लिए बताया जा रहा है जिसकी कटाई-तैयारी अगस्त-सितंबर में होगी। इस मूल्य स्तर को देखते हुए प्रतीत होता है कि आगामी मार्केटिंग सीजन (अगस्त - 2025 - जुलाई - 2026) के दौरान कनाडा में काबुली चना का औसत मूल्य 2024-25 के मौजूदा सीजन की तुलना में कुछ नीचे रह सकता है। दरअसल अमरीका सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण आयातक देशों में अभी अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है इसलिए उत्पादक एवं निर्यातक असमंजस में फंसे हुए हैं। समीक्षकों के अनुसार कुछ इलाकों में काबुली चना का भाव सुधर सकता है मगर खरीदारों की मांग पूरा होते ही इसकी कीमतों में दोबारा नरमी आ सकती है। अनेक उत्पादकों ने अभी तक खरीदारों के साथ नई फसल के लिए अनुबंध नहीं किया है।