साप्ताहिक समीक्षा-चीनी

03-Jan-2026 06:36 PM

कमजोर कारोबार के साथ चीनी के दाम में नरमी बरकरार 

नई दिल्ली। आपूर्ति की अधिकता एवं कमजोर मांग के कारण पिछले कुछ सप्ताहों से चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य तथा हाजिर बाजार भाव में नरमी का माहौल बना हुआ है चीनी का एक्स फैक्टरी बिक्री मूल्य भी घटकर काफी नीचे आ गया है और टेंडर मूल्य भी नीचे है।   
कोटा 
दिसम्बर 2025 की भांति जनवरी 2026 के लिए भी घरेलू प्रभाग में बिक्री हेतु 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया है जो कमजोर औद्योगिक मांग तथा गुड़ की बढ़ती उपलब्धता को देखते हुए पर्याप्त प्रतीत होता है। हालांकि प्रयागराज में माघ मेला, मध्य जनवरी में मकर संक्रांति, उसके बाद लग्नसरा का सीजन और दक्षिण भारत में पोंगल पर्व को देखते हुए चालू माह के दौरान चीनी की घरेलू मांग एवं खपत में कुछ वृद्धि होने की संभावना है जिससे कभी-कभी इसकी कीमतों में तेजी-मजबूती आ सकती है मगर आमतौर मांग एवं आपूर्ति के बीच संतुलन होने से बाजार स्थिर या नरम रह सकता है। 
मिल डिलीवरी भाव 
27 दिसम्बर 2025 से 2 जनवरी 2026 वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं मध्य  प्रदेश में 5-5 रुपए, पंजाब में 10 रुपए, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 रुपए तथा गुजरात में 40 से 70 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई लेकिन बिहार में भाव 20 रुपए प्रति क्विंटल तेज हो गया। 
हाजिर भाव 
चीनी के हाजिर बाजार मूल्य में स्थिरता या नरमी देखी गई। इसका भाव दिल्ली में 4400/4450 रुपए प्रति क्विंटल तथा इंदौर में 4000/4075 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा लेकिन रायपुर में 20 रुपए गिरकर 3960/4050 रुपए तथा मुम्बई (वाशी) में 30 रुपए घटकर 3770/3900 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
कोलकाता 
कोलकाता में भी चीनी के दाम में 10 से 25 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 30 रुपए की गिरावट के साथ 3720/3860 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र में टेंडर मूल्य 140 रुपए तक लुढ़ककर 3560/3730 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। लेकिन कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में 70 से 130 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई।