साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
29-Mar-2025 07:15 PM
सामान्य कारोबार के बीच चीनी के दाम में सीमित उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। मिलर्स द्वारा अपने नियत कोटे के आखिरी भाग की बिकवाली किए जाने तथा मांग एवं उठाव की स्थिति सामान्य रहने से 22-28 मार्च वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य एवं हाजिर बाजार भाव में काफी हद तक स्थिरता या सीमित उतार-चढ़ाव का माहौल देखा गया।
कोटा
सरकार ने मार्च में घरेलू बिक्री के लिए 23 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया था इसलिए मिलर्स को इसकी बिक्री करने में ज्यादा कठिनाई नहीं हो रही है। अब अप्रैल के लिए फ्री सेल कोटा 50 हजार टन बढ़ाकर 23.50 लाख टन निर्धारित किया गया है। यह कोटा भी बहुत बड़ा नहीं है इसलिए चीनी के दाम में भारी गिरावट आने की संभावना नहीं है।
मिल डिलीवरी भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी का मिल डिलीवरी भाव पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 रुपए तथा बिहार में 30 रुपए प्रति क्विंटल कमजोर रहा जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 रुपए, मध्य प्रदेश में 10 रुपए और पंजाब में 20 रुपए सुधर गया। गुजरात की मिलों को 10-15 रुपए के नीचे मूल्य पर चीनी बेचनी पड़ी।
हाजिर भाव
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 4300/4400 रुपए प्रति क्विंटल तथा इंदौर में 4170/4270 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा मगर रायपुर में 25 रुपए गिरकर 4150/4225 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। कोलकाता में भी चीनी के दाम में 20 से 40 रुपए तक की गिरावट रही।
मुम्बई
मुम्बई (वाशी) मार्केट में चीनी का हाजिर मूल्य 20 रुपए सुधरकर 3950/4150 रुपए प्रति क्विंटल तथा नाकपोर्ट डिलीवरी मूल्य इतना ही बढ़कर 3900/4100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। चीनी के टेंडर मूल्य में महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।
कोटा / बिक्री
केन्द्र सरकार ने 10 लाख टन चीनी के निर्यात कोटे को बरकरार रखने का संकेत दिया है जबकि कुछ समय पूर्व इसको नियंत्रित करने की अटकल बाजी चल रही थी। खाद्य मंत्रालय ने मिलों को नियत कोटे के अनुरूप चीनी की पूरी बिक्री करने का निर्देश दिया है। कोटे से अधिक चीनी बेचने वाली मिलों के लिए आगे उसकी मात्रा घटाने का निर्णय लिया गया है। चीनी का निर्यात अनुबंध और शिपमेंट जारी है।
