साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

25-Jan-2025 07:11 PM

अच्छी आवक एवं कमजोर मांग से मूंगफली के दाम में गिरावट  

नई दिल्ली । गुजरात के राजकोट तथा उत्तर प्रदेश के झांसी, महोबा एवं मऊरानीपुर के साथ-साथ राजस्थान कर्नाटक एवं  महाराष्ट्र जैसे उत्पादक प्रांतों के कई उत्पादक केन्द्रों में भी मूंगफली के नए माल की अच्छी आवक हो रही है मगर उसके अनुरूप उठाव नहीं होने से 18-24 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान इसके दाम में 200-300 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। 
आवक 
राजकोट में 18 जनवरी को 23 हजार बोरी तथा 20 जनवरी को 10 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई। इधर झांसी में 18 जनवरी को 27500 बोरी, 22 जनवरी को 37,500 बोरी तथा 24 जनवरी को 30,000 बोरी मूंगफली पहुंची। महोबा तथा मऊरानीपुर में भी 7 से 15 हजार बोरी के बीच मूंगफली की आपूर्ति हुई। समीक्षाधन सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजकोट में 250 रुपए प्रति क्विंटल,जयपुर, सोलापुर एवं झांसी में 300-300 रुपए प्रति क्विंटल, मऊरानीपुर में 200 रुपए तथा महोबा में 50 रुपए घट गया। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली दाने में भी कमजोर कारोबार के कारण कीमतों में स्थिरता या नरमी दर्ज की गई। जयपुर में 60/70 काउंट का दाम 200 रुपए गिरकर 7000 रुपए प्रति क्विंटल तथा सोलापुर में 500 रुपए गिरकर 8300 रुपए प्रति क्विंटल पर  आ गया। वहां 50/60 काउंट के दाम में भी 500 रुपए की गिरावट रही। 
खरीद 
सरकारी खरीद जारी रहने के बावजूद मूंगफली का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे चल रहा है क्योंकि इसकी औद्योगिक एवं व्यापारिक मांग बहुत कमजोर है। निर्यातक भी सीमित मात्रा में मूंगफली की खरीद कर रहे हैं। मंडियों में इसकी आपूर्ति संतोषजनक ढंग से हो रही है। 
मूंगफली तेल 
मूंगफली तेल (लूज) का भाव प्रति 10 किलो पर राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जाम नगर में 25-25 रुपए तथा मुम्बई में 15 रुपए कमजोर रहा। इसी तरह ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव कोटा की एक इकाई में 46 रुपए प्रति टिन (15 किलो) नीचे आ गया। फिल्टर्ड तेल भी 10-20 रुपए नरम रहा।