साप्ताहिक समीक्षा - मूंगफली
03-May-2025 07:54 PM
सुस्त कारोबार के कारण मूंगफली की कीमतों में नरमी
नई दिल्ली। हालांकि 26 अप्रैल से 2 मई वाले सप्ताह के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में मूंगफली की आवक में कोई अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी नहीं हुई लेकिन फिर भी व्यापारियों एवं मिलर्स की कमजोर मांग के कारण कीमतों में थोड़ी-बहुत गिरावट दर्ज की गई।
आवक
गुजरात के राजकोट में 26 अप्रैल को 6000 बोरी मूंगफली की आवक हुई जो बढ़ते हुए 28 अप्रैल को 11,000 बोरी तथा 29 अप्रैल को 15,000 बोरी पर पहुंची लेकिन कीमतों में तेजी का रुख नहीं बनने से आवक 30 अप्रैल को घटकर 6000 बोरी एवं 1 मई को गिरकर 3000 बोरी पर अटक गई। वहां मूंगफली का भाव 6000/8250 रुपए प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर बरकरार रहा।
मूंगफली
लेकिन मूंगफली का दाम महाराष्ट्र के सोलापुर में 250 रुपए घटकर 6500 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश के झांसी एवं मऊरानीपुर में 100-100 रुपए की गिरावट रही मगर महोबा में नीचे मूल्य पर कुछ कारोबार होने से भाव 100 रुपए सुधरकर 4400/4900 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश की अलग-अलग मंडियों में 1000-2000 बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक दर्ज की गई।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली के दाने में भी सीमित कारोबार हुआ जिससे अधिकांश मंडियों में इसका भाव स्थिर या नरम रहा। इसमें क्रशिंग- प्रोसेसिंग मिलों के साथ निर्यातकों की मंग भी कमजोर रही। महाराष्ट्र के नागपुर में 50/60 काउंट तथा 60/70 काउंट वाले दाने के दाम में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई जबकि अन्य मंडियों में नगण्य कारोबार के बीच भाव स्थिर बने रहे।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल में व्यापारियों / स्टॉकिस्टों की मांग कमजोर रहने से कीमतों में 10 से 25 रुपए प्रति 10 किलो की नरमी दर्ज की गई। गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ और जामनगर मूंगफली तेल का भाव 25 रुपए गिरकर 1275 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। इसी तरह अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर, नेवाई / टोंक, चेन्नई तथा हैदराबाद में मूंगफली तेल के दाम में 10-20 रुपए की नरमी रही। कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव स्थिर रहा जबकि जयपुर और नेवई में फिल्टर्ड तेल में भी सीमित कारोबार होने से कीमतों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। मूंगफली डीओसी में मिश्रित रुख रहा और कीमतों में 200-300 रुपए की नरमी से लेकर 500 रुपए तक की तेजी दर्ज की गई।
