साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

14-Jun-2025 08:16 PM

उत्तर प्रदेश की मंडियों में मांग कमजोर- राजकोट में भाव तेज  

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली की लगभग सामान्य आवक हो रही है मगर खरीदारों की मांग कमजोर रहने से 7-13 जून वाले सप्ताह के दौरान इसकी कीमतों में 200-300 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई। 
झांसी 
मूंगफली का भाव झांसी में 300 रुपए घटकर 4400/4800 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 200 रुपए गिरकर 4600/5000 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में 350 रुपए लुढ़ककर 4000/4500 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
गुजरात 
उधर गुजरात के राजकोट में मूंगफली का भाव ऊपर में 750 रुपए उछलकर 6750 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान के बीकानेर में 50 रुपए सुधरकर 5250 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। 
आवक 
राजकोट में 4000/8000 बोरी, झांसी में 1100/1250 बोरी महोबा में भी 1100/1250 बोरी एवं मऊरानीपुर में 1250/2750 बोरी के बीच मूंगफली की दैनिक आवक हुई। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश में किसानों से 6783 रुपए  प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 50,750 टन जायद कालीन मूंगफली की खरीद का निर्णय लिया गया है और केन्द्र सरकार से इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में कारोबार कम देखा गया जिससे आमतौर पर भाव स्थिर रहा मगर 40/50 काउंट तथा 50/60 काउंट वाले दाने का दाम 200-200 रुपए घटकर क्रमश: 7500 रुपए तथा 8000 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। नागपुर में 50/60 काउंट का मूल्य 100 रुपए नरम मगर 60/70 काउंट का दाम 100 रुपए तेज रहा। अन्य केन्द्रों में इसकी कीमत लगभग स्थिर बनी रही।
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में 25 रुपए सुधरकर 1350 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा जबकि अन्य केन्द्रों में इसमें 5-10 रुपए प्रति 10 किलो का सुधार दर्ज किया गया। राजस्थान के कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल में थोड़ा-बहुत कारोबार हुआ जिससे भाव 25 रुपए सुधरकर 2350 रुपए टीन (15 किलो) पर पहुंच गया। दूसरी ओर फिल्टर्ड मूंगफली तेल के दाम में 20 से 50 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई। मूंगफली ऑयल केक एवं डीओसी में काम काज कमजोर रहा।