साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

07-Dec-2024 07:37 PM

नए माल की बढ़ती आवक से मूंगफली का दाम नरम  

नई दिल्ली । हालांकि व्यापारियों एवं क्रशिंग इकाइयों की मांग मजबूत रहने से 29 नवम्बर - 5 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान गुजरात की राजकोट मंडी में मूंगफली का भाव 950 रुपए की जोरदार उछाल के साथ 6000/7250 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया मगर अन्य मंडियों में कमजोर मांग की वजह से कीमतों में नरमी देखी गई। 
भाव 
मूंगफली का भाव महाराष्ट्र के सोलापुर में 100 रुपए फिसलकर 6100 रुपए प्रति क्विंटल तथा उत्तर प्रदेश के झांसी में 300 रुपए एवं मऊरानीपुर में 200 रुपए गिरकर क्रमश: 3500/4000 रुपए प्रति क्विंटल और 3800/4100 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। राजकोट मंडी में पहले 25000 से 40000 बोरी मूंगफली की आवक हो रही थी जो 5 दिसम्बर को घटकर महज 6500 बोरी रह गई। इससे पूर्व 3 एवं 4 दिसम्बर को वहां 50-50 हजार बोरी मूंगफली पहुंची थी। झांसी, महोबा एवं मऊरानीपुर में भी मूंगफली की आवक बढ़ने लगी है। 
मूंगफली दाना 
जहां तक मूंगफली दाने का सवाल है तो बीकानेर में 60/70 काउंट वाले माल का दाम 100 रुपए सुधरकर 7300 रुपए प्रति क्विंटल हो गया लेकिन महाराष्ट्र के जलगांव में 40/50 काउंट एवं 60/70 काउंट वाले माल का दाम 200-200 रुपए तथा 50/60 काउंट वाले का भाव 300 रुपए प्रति क्विंटल गिर गया। सोलापुर में भी 60/70 काउंट का दाम 100 रुपए नरम रहा। 
मूंगफली तेल 
लेकिन मूंगफली तेल की कीमत में आमतौर पर 25/40 रुपए प्रति 10 किलो की वृद्धि हुई जबकि कुछ प्लांटों में भाव 10 रुपए कमजोर देखा गया। फिल्टर वाले मूंगफली तेल की मांग कमजोर रहने से कीमत नरम रही। जयपुर और नेवाई में कीमत सुस्त पड़ गई। मूंगफली ऑयल केक का कारोबार धीमा तथा भाव स्थिर रहा। जबकि डीओसी में नरमी रही। कारोबार सीमित होने से भाव 500 रुपए प्रति टन नीचे आया। प्रमुख उत्पादक राज्यों में मूंगफली की आवक बढ़ने लगी है। इसका निर्यात प्रदर्शन पिछले वित्त वर्ष से कुछ बेहतर चल रहा है।