साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

03-Jan-2026 07:14 PM

अच्छी आपूर्ति के बावजूद मूंगफली के दाम में तेजी जारी 

नई दिल्ली। हालांकि गुजरात, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश जैसे अग्रणी उत्पादक प्रांतों की प्रमुख मंडियों में मूंगफली की अच्छी आवक हो रही है लेकिन व्यापारियों, मिलर्स एवं निर्यातकों की अच्छी लिवाली से इसकी कीमतों में 27 दिसम्बर - 2 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान अच्छी तेजी दर्ज की गई। 
आवक 
गुजरात की गोंडल मंडी में 50 हजार बोरी तथा राजकोट मंडी में 40 हजार बोरी तक मूंगफली की दैनिक आवक हुई। राजकोट में जोरदार खरीद बिक्री के बीच मूंगफली का भाव 750 रुपए उछलकर ऊंचे में 9000 रुपए प्रति क्विंटल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। 
भाव 
इसी तरह राजस्थान के बीकानेर, महाराष्ट्र के सोलापुर तथा उत्तर प्रदेश के महोबा में मूंगफली के दाम में 300-300 रुपए प्रति क्विंटल तथा उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर में 400 रुपए और झांसी में 200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई। मूंगफली की सरकारी खरीद भी जारी है।  
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में अच्छे कारोबार के बीच कीमतों में स्थिरता या मजबूती देखी गई। बीकानेर में भाव 100-200 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। इसी तरह सोलापुर में 300 से 500 रुपए प्रति क्विंटल तथा नागपुर में 500 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि क्रशर्स-प्रोसेसर्स तथा निर्यातक मूंगफली दाने की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। 
मूंगफली तेल 
मूंगफली का भाव ऊंचा होने से मूंगफली तेल के दाम में भी अच्छी वृद्धि देखी गई। गुजरात के गोंडल, राजकोट, जूनागढ़ एवं जामनगर में लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव 50 रुपए बढ़कर 1600 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन का दाम भी 65 रुपए की 2525 रुपए पर पहुंचा। अन्य केन्द्रों में इसमें 20 से 40 रुपए प्रति 10 किलो की वृद्धि हुई। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड तेल का मूल्य 150 रुपए उछलकर 2600 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) हो गया जबकि जयपुर में फिल्टर्ड मूंगफली तेल 100-120 रुपए तेज रहा।