साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
10-Jan-2026 08:32 PM
गुजरात, राजस्थान में मूंगफली का भाव तेज- उत्तर प्रदेश में नरम
नई दिल्ली। क्रशर्स-प्रोसेसर्स के साथ-साथ निर्यातकों की भी मांग मजबूत रहने और सरकारी एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अच्छी मात्रा में खरीद किए जाने से 3-9 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- गुजरात एवं राजस्थान की मंडियों में मूंगफली के दाम में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
गुजरात
गुजरात के राजकोट में तो मूंगफली का भाव 2000 रुपए उछलकर 8000/11000 रुपए प्रति क्विंटल के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया लेकिन गोंडल में दाम 6000/6900 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। राजकोट में रोजाना 15-20 हजार बोरी तथा गोंडल में 7 जनवरी को 35 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई।
राजस्थान
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजस्थान के बीकानेर में 200 रुपए सुधरकर 6000 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 300 रुपए बढ़कर 8700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वहां कारोबार भी अच्छा हुआ।
उत्तर प्रदेश
लेकिन दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की मंडियां कमजोर रही। वहां मूंगफली का भाव झांसी एवं महोबा में 200-200 रुपए गिरकर क्रमश: 5800/6300 रुपए प्रति क्विंटल तथा 5800/6500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया जबकि मऊरानीपुर में दाम 500 रुपए घटकर 5500/6200 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली की आवक बढ़ी है।
प्रमुख खरीदार
यद्यपि इंडोनेशिया ने भारतीय मूंगफली के आयात पर लगाए अस्थायी प्रतिबंध को वापस ले लिया है लेकिन आयात के लिए कुछ सख्त नियम लागू कर दिया है। इससे भारत के निर्यातक वहां मूंगफली के शिपमेंट में फिलहाल कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ध्यान देने की बात है कि परम्परागत रूप से इंडोनेशिया भारतीय मूंगफली का सबसे प्रमुख खरीदार रहा है। वहां देर-सबेर मूंगफली का आयात जोर पकड़ सकता है।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली दाने में कारोबार कमजोर रहा जिससे इसका भाव महाराष्ट्र सोलापुर में 400 से 700 रुपए तथा नागपुर में 500-600 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आ गया।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल की कीमत गुजरात में स्थिर रही जबकि अन्य केन्द्रों में इसमें 2 से 4 रुपए प्रति किलो का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल के मूल्य में कोई बदलाव नहीं हुआ जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल की कीमतों में सीमित तेजी-मंदी दर्ज की गई। डीओसी का भाव काफी तेज देखा गया।
