साप्ताहिक समीक्षा-मटर

29-Aug-2026 08:43 PM

कमजोर सप्लाई और मजबूत मांग से मटर में तेजी 

कानपुर। पोर्ट और उत्पादक मंडियों में मटर की उपलब्धता कमजोर पड़ने तथा लिवाली बेहतर बने रहने से चालू सप्ताह के दौरान भी मटर की कीमतों में तेजी का रुख रहा। बाजार में सीमित सप्लाई के कारण खरीदार सक्रिय हैं, जबकि ऊंचे भाव पर भी स्टॉकिस्टों की बिकवाली पर्याप्त नहीं आ रही है।रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते मटर की लोडिंग प्रभावित होने लगी है। परिवहन एवं शिपमेंट में देरी के कारण कई सौदे रद्द हुए हैं, जिससे आयातित मटर की उपलब्धता पर असर पड़ रहा है। नई लोडिंग की रफ्तार धीमी रहने से आगामी दिनों में बाजार में शॉर्टेज बढ़ने की आशंका है। घरेलू स्तर पर भी सफेद मटर की उपलब्धता कमजोर है। पिछले वर्ष किसानों ने सफेद मटर की तुलना में हरी मटर की बिजाई को प्राथमिकता दी थी, जिससे सफेद मटर का उत्पादन और घरेलू सप्लाई सीमित रही। परिणामस्वरूप बाजार की निर्भरता आयातित मटर पर बढ़ गई है। आयातित मटर की धीमी लोडिंग, सौदों के रद्द होने और घरेलू सप्लाई कमजोर रहने से मटर बाजार में सप्लाई लगातार टाइट होती जा रही है। स्टॉकिस्टों की सीमित बिकवाली ने भी तेजी को मजबूती दी है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए निकट अवधि में मटर बाजार का रुख मजबूत रहने की संभावना है। यदि रूस-यूक्रेन क्षेत्र से लोडिंग में सुधार नहीं हुआ और रद्द सौदों की भरपाई के लिए नई सप्लाई समय पर नहीं आई, तो शॉर्टेज और बढ़ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में मटर की कीमतों में और तेजी की संभावना बनी हुई है। आयतको की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली मजबूत बनी रहने  से चालू साप्ताह के दौरन आयातित मटर की कीमतों में 100/200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4600 रुपये तथा रूस 4400 रुपये प्रति क्विंटल रह हो गए। वहीं हजीरा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4600 रुपये और रूस मटर 4400 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।

लिवाली बनी रहने से घरेलू मंडियों में इस साप्ताह मांग में सुधार दर्ज किया गया। मजबूत मांग के समर्थन से  चालू साप्ताह के दौरान कानपूर मटर के भाव 100 रुपए प्रति क्विंटल बढ़कर 4675/4700 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार ललितपुर मटर में भी 100 रुपये की तेजी के साथ भाव 4050/4350 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने से उरई व महोबा मंडी में भाव 200/250 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी के साथ उरई 4000/4300 रुपए व महोबा 4200/4800 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार राठ मटर में भी 100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी गयी और इस बढ़त के साथ भाव 4000/ रुपए प्रति क्विंटल हो गए। चौतरफा तेजी के समर्थन व मांग में सुधार होने से मध्य प्रदेश की मंडियों में भी मटर के भाव 100 रुपए प्रति क्विंटल सुधरकर बीना 3800/4300 रुपए व दमोह 3900/4400 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। 
मटर दाल  
लिवाली बढ़ने से से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 150 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 5000/५१०० रुपए व इंदौर 5100/5200 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।