साप्ताहिक समीक्षा-सरसों

23-Nov-2024 07:22 PM

मिलर्स एवं व्यापारियों की लिवाली के अनुरूप सरसों के दाम में मिश्रित रूख 

नई दिल्ली। क्रशिंग-प्रोसेसिंग प्लांटों एवं व्यापारियों / स्टॉकिस्टों की लिवाली के अनुरूप 15-21 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान सरसों के दाम में कहीं तेजी तो कहीं मंदी का माहौल रहा लेकिन इसकी तीव्रता ज्यादा नहीं देखी गई। साथ ही नेफेड और हैफेड द्वारा भी सरसों की भारी भरकम बिक्री की जा रही है।
42% कंडीशन सरसों 
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 50 रुपए गिरकर 6450 रुपए प्रति क्विंटल पर आया तो जयपुर में 25 रुपए सुधरकर 6650/6675 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
बिजाई 
राजस्थान सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में सरसों की बिजाई जोर शोर से हो रही है और विभिन्न मंडियों में इसकी सामान्य आवक बनी हुई है। त्यौहारी सीजन की समाप्ति के बाद सरसों तेल की मांग एवं खपत अब सामान्य स्तर पर आ गई है जबकि सरसों खल (रेपसीड एक्सट्रैक्शन) का निर्यात प्रदर्शन कमजोर चल रहा है। बेहतर निर्यात प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए सरकार से सहयोग-समर्थन मांगा जा रहा है। 
भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सरसों का भाव गुजरात के धनेरा में 50 रुपए गिर गया। इसी तरह हरियाणा में हिसार को छोड़कर अन्य महत्वपूर्ण मंडियों में सरसों के दाम में 50 से 150 रुपए तथा मध्य प्रदेश के मुरैना में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आई। उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों का दाम 6700 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर आगरा में यह 75 रुपए गिरकर 6700/7200 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में इस महत्वपूर्ण तिलहन का भाव कोटा में 200 रुपए तथा बूंदी में 100 रुपए बढ़कर क्रमश: 5800/6000 रुपए प्रति क्विंटल तथा 6300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। अन्य मंडियों में सीमित घट-बढ़ रही। 
आवक 
सरसों की आवक 15 एवं 16 नवम्बर को 1.50-1.50 लाख बोरी, 18 एवं 19 नवम्बर को 2.25-2.25 लाख बोरी, 20 नवम्बर को 1.95 लाख बोरी तथा 21 नवम्बर को 2 लाख बोरी की हुई। 
सरसों खल (डीओसी)
घरेलू एवं निर्यात मांग कमजोर रहने से सप्ताह के दौरान सरसों खल के दाम में 20 से 90 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट आई। चरखी दादरी में भाव 90 रुपए घटकर 2310 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 70 रुपए गिरकर 2350/2355 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। इसी तरह सरसों डीओसी के दाम में 600 से 1000 प्रति टन तक की नरमी देखी गई। सरसों तेल की कीमतों में 10-20 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट दर्ज की गई।