साप्ताहिक समीक्षा-सरसों
07-Dec-2024 07:42 PM
मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप सरसों की कीमतों में मिश्रित रुख
नई दिल्ली। मंडियों में होने वाली आपूर्ति तथा स्टॉकिस्टों / मिलर्स की मांग के अनुरूप सरसों के दाम में 29 नवम्बर - 5 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान कहीं तेजी तो कहीं मंदी देखी गई।
42% कंडीशन सरसों
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 50 रुपए सुधरकर 6450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जबकि जयपुर में 6575/6600 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। गुजरात में भी कोई तेजी-मंदी नहीं रही मगर हरियाणा में सरसों की कीमत सिरसा मंडी में 200 रुपए घटकर 5700/6000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गई। मध्य प्रदेश में भाव 25 रुपए नरम रहा।
राजस्थान
सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में भरतपुर, अलवर, खैरथल एवं बूंदी में सरसों के दाम में 50 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी देखी गई जबकि बीकानेर, टोंक एवं नेवाई में भाव 100-100 रुपए नरम पड़ गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों का दाम 75 रुपए टूटकर 6475 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया मगर आगरा में 6700/7100 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
सरसों तेल
सरसों की कीमतों में मिश्रित रुख के बावजूद सरसों तेल के दाम में प्रति 10 किलो पर 10-15 रुपए का सुधार आया। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 10 रुपए सुधरकर 1340 रुपए प्रति किलो तथा गंगानगर में 15 रुपए बढ़कर 1325 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। लेकिन बीकानेर में यह 10 रुपए की गिरावट के साथ 1330 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया।
आवक
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान राष्ट्रिय स्तर पर सरसों की औसत दैनिक आवक 1.50-2.00 लाख बोरी (50 किलो की प्रत्येक बोरी) दर्ज की गई। समझा जाता है कि किसानों तथा स्टॉकिस्टों / मिलर्स के पास सरसों का सीमित स्टॉक बचा हुआ है लेकिन सरकारी एजेंसियों के पास अच्छा स्टॉक उपलब्ध है। सरसों की बिजाई जारी है लेकिन इसकी हालत उत्साहवर्धक नहीं है।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल एवं डीओसी में कारोबार सामान्य से कुछ कम हो रहा है। फरवरी 2025 से मंडियों में नई सरसों की आपूर्ति आरंभ हो जाएगी।
