साप्ताहिक समीक्षा- सरसों
14-Jun-2025 08:10 PM
सामान्य कारोबार के साथ सरसों के दाम में सीमित उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में सरसों की सामान्य आवक हो रही है और क्रशर्स- प्रोसेसर्स के साथ व्यापारियों द्वारा भी इसकी अच्छी खरीद की जा रही है। सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5950 रुपए प्रति क्विंटल है जबकि थोक मंडी भाव इससे ऊपर चल रहा है। इससे सरकारी एजेंसियों को किसानों से सरसों खरीदने की ज्यादा आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
42% कंडीशन सरसों
7 से 13 जून 2025 वाले सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 100 रुपए बढ़कर 6550 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 50 रुपए सुधरकर 6675/6700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों के दाम में कहीं 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी तो कहीं इतनी ही नरमी देखी गई।
गुजरात / हरियाणा
गुजरात की डीसा मंडी में भाव 100 रुपए तेज रहा मगर हरियाणा की हिसार एवं सिरसा मंडी में दाम 100-100 रुपए नरम देखा गया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी सरसों का दाम 100 रुपए बढ़कर 6300/6400 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
राजस्थान
राजस्थान के अलवर तथा कोटा में मूल्य 100-100 रुपए की वृद्धि के साथ क्रमश: 6500 रुपए प्रति क्विंटल एवं 6400 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों की कीमत 100 रुपए बढ़कर 6700 रुपए प्रति क्विंटल तथा आगरा मंडी में 75 रुपए सुधरकर 6950/7325 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई।
सरसों तेल
सरसों तेल के दाम में कोई खास तेजी-मंदी नहीं रही और एक्सपेलर तथा कच्ची घानी तेल का भाव लगभग पुराने स्तर पर स्थिर रहा। दिल्ली में एक्सपेलर 10 रुपए सुधरकर 1380 रुपए प्रति 10 किलो हो गया तो मुम्बई में यह 20 रुपए गिरकर 1400 रुपए पर आ गया। अन्य केन्द्रों में भी इसमें प्रति 10 किलो पर 5-10 रुपए का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। गंगानगर में भाव 10 रुपए तेज रहा।
आवक
राष्ट्रीय स्तर पर सरसों की आवक 7 जून को 4.25 लाख बोरी, 9 जून को 5.25 लाख बोरी, 10 जून को 5.00 लाख बोरी, तथा 11 जून को 4.50 लाख बोरी एवं 12-13 जून को भी 4.50-4.50 लाख बोरी की आवक हुई। प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है।
सरसों खल
सरसों खल में मांग का अभाव रहने से कीमतों में सामान्यतः 30-40 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गई। दिल्ली में इसका दाम 60 रुपए गिरकर 2691 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। सरसों डीओसी में पूरी तरह शांति का माहौल रहा। चीन की मांग का इंतजार किया जा रहा है।
