साप्ताहिक समीक्षा-सरसों

04-Oct-2025 07:48 PM

अधिकांश मंडियों में तेजी का दौर थमने के संकेत 

नई दिल्ली। मई 2025 के बाद से ही घरेलू सरसों बाजार में भारी तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ था और ऐसा लग रहा था कि इस महत्वपूर्ण तिलहन का दाम उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है। लम्बे समय तक बाजार काफी ऊंचे स्तर पर रहने के बाद अब इसमें नरमी का दौर शुरू हो गया लगता है। 
स्टॉक मौजूद 
इसके दो प्रमुख कारण है पहली बात तो यह है कि किसानों, व्यापारियों, मिलर्स एवं सरकारी एजेंसियों के पास अभी सरसों का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है जिससे मंडियों में इसकी सामान्य आपूर्ति जारी रहने की संभावना है। दूसरा कारण यह है कि सरसों की बिजाई का सीजन आरंभ होने वाला है। 
बिजाई क्षेत्र 
ऊंचे बाजार भाव को देखते हुए राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, बंगाल एवं गुजरात जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में सरसों का बिजाई क्षेत्र बढ़ने के आसार हैं जिसका मनोवैज्ञानिक असर घरेलू बाजार भाव पर पड़ने की संभावना है। 
42% कंडीशन सरसों  
27 सितम्बर से 3 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 50 रुपए गिरकर 6950 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 125 रुपए घटकर 7100 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। गुजरात की मंडियां भी नरम रही। सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों का दाम हरियाणा के चरखी दादरी में 125 रुपए प्रति क्विंटल तथा मध्य प्रदेश के मुरैना एवं पोरसा में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल घट गया। 
राजस्थान 
सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान की अधिकांश मंडियों में सरसों के मूल्य में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट रही मगर नेवाई और टोंक में 150 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश  
उत्तर प्रदेश की आगरा मंडी में सरसों का भाव 7250 रुपए की अप्रत्याशित एवं जबरदस्त उछाल के साथ 7350/7750 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जबकि हापुड़ में 7250 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। सरसों का भाव तमाम प्रमुख मंडियों में सरकारी समर्थन मूल्य 5950 रुपए प्रति क्विंटल से ऊंचा चल रहा है।
सरसों तेल  
सरसों की कीमतों में आई नरमी के असर से सरसों तेल का मूल्य भी 2-4 रुपए प्रति किलो घट गया। दिल्ली में एक्सपेलर का दाम 35 रुपए घटकर 1450 रुपए प्रति 10 किलो तथा मुम्बई में 55 रुपए घटकर 1480 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। इसी तरह कच्ची घानी सरसों तेल का मूल्य गंगानगर में 25 रुपए, जयपुर में 10 रुपए, कोटा में 20 रुपए, अलवर में 40 रुपए तथा हापुड़ में 50 रुपए प्रति 10 किलो घट गया। 
सरसों खल (डीओसी) 
सरसों खल में कारोबार कमजोर रहा जिससे कीमतों में थोड़ी गिरावट आई लेकिन डीओसी में कहीं-कहीं अच्छी मांग देखी गई। कोटा में भाव 500 रुपए सुधरकर 17500 रुपए प्रति टन पर पहुंच गया।