गुणवत्ता मानको में ढील दिए जाने से यूपी में गेहूं खरीद की गति बढ़ेगी
23-Apr-2026 11:20 AM
लखनऊ। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश में गेहूं की खरीद की रफ्तार बढ़ाने तथा किसानों को राहत देने के उद्देश्य से गुणवत्ता मानकों (क्वालिटी नॉमर्स) में ढील दी गई है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश देश में गेहूं का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है मगर केन्द्रीय पूल में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का योगदान देने के मामले में पांचवें नम्बर पर रहता है। राजस्थान, हरियाणा एवं पंजाब में गेहूं की क्वालिटी से सम्बन्धित शिपमेंट- शर्तों में छूट पहले ही दी जा चुकी है।
आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन में 20 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश की मंडियों में 6.77 लाख टन गेहूं की आपूर्ति हुई मगर इसमें से केवल 2.75 लाख टन की सरकारी खरीद संभव हो सकी। यह स्थिति सरकार के लिए चिंताजनक रही। उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 10 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पिछले साल की समान अवधि में यूपी की मंडियों में 10.88 लाख टन गेहूं की आवक एवं 4.54 लाख टन की सरकारी खरीद हुई थी। गुणवत्ता नियमों में छूट मिलने के बाद अब इस राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।
