उड़ीसा में दलहन-तिलहन की खरीद के लिए 14.28 अरब रुपए की मंजूरी

23-Apr-2026 12:08 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने उड़ीसा को दलहन-तिलहन की खरीद के लिए 14.28 अरब रुपए की राशि मंजूर की है। उल्लेखनीय है कि उड़ीसा सरकार ने केन्द्र के पास किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर पांच फसलों (जिंसों) की खरीद के लिए इस राशि के आवंटन के प्रस्ताव भेजा था।

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार राज्य सरकार के इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। इस विशाल धनराशि से उड़ीसा में मूंग एवं उड़द जैसे दलहनों एवं मूंगफली, सूरजमुखी तथा सरसों जैसे तिलहनों की खरीद सुनिश्चित की जाएगी।

कृषि मंत्रालय की विज्ञप्ति के मुताबिक उड़ीसा में 1,19,387 टन उड़द की खरीद के लिए 9.31 अरब रुपए तथा 34,492 टन मूंग की खरीद के लिए 3.02 अरब रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसी तरह तिलहनों जिंसों में 20,219 टन मूंगफली की खरीद के लिए करीब 1.47 अरब रुपए, 4964 टन सरसों की खरीद के लिए 30.80 करोड़ रुपए तथा 2210 टन सूरजमुखी की खरीद के लिए 17.06 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इससे किसानों को मूल्य समर्थन योजना का पूरा लाभ हासिल होगा और उसे औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। 

केन्द्र सरकार उड़ीसा में खासकर सूरजमुखी का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रही है क्योंकि यह तिलहन फसल धीरे-धीरे अनेक क्षेत्रों से गायब होती जा रही है।

उड़ीसा के कई इलाकों में न केवल इसकी खेती नियमित रूप से हो रही है बल्कि इसकी पैदावार में भी सुधार आ रहा है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार दलहन-तिलहन की इस सम्पूर्ण स्वीकृत मात्रा की खरीद पीएम-आशा स्कीम के अंतर्गत 90 दिनों की अवधि में सुनिश्चित की जाएगी।