हरियाणा में गेहूं की कुल आवक 77 लाख टन पर पहुंची

23-Apr-2026 01:28 PM

रोहतक। हरियाणा की मंडियों में वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान 20 अप्रैल तक गेहूं की कुल आवक बढ़कर 77 लाख टन से ऊपर पहुंच गई जो खाद्य मंत्रालय द्वारा नियत खरीद लक्ष्य 72 लाख टन से 5 लाख टन अधिक है लेकिन भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं प्रांतीय एजेंसियों द्वारा इसमें से केवल 56.13 लाख टन की ही खरीद की गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस खरीद की कुल मात्रा के महज 35 प्रतिशत भाग यानी 19.77 लाख टन गेहूं का उठाव अभी तक संभव हो पाया है। बाकी माल मंडियों में ही है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस बार सिरसा में सबसे ज्यादा 9.56 लाख टन गेहूं पहुंचा। इसके बाद जींद में 8.44 लाख टन तथा करनाल में 7.49 लाख टन गेहूं आया। करनाल में सबसे अधिक 6.56 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई जबकि कैथल में 5.72 लाख टन तथा सिरसा में 5.55 लाख टन गेहूं सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीदा गया। सोनीपत जिले में सबसे कम 3.30 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई। 

पिछले साल 20 अप्रैल तक सरकारी एजेंसियों द्वारा समूचे हरियाणा में 47.15 लाख टन गेहूं खरीदा गया था जो इस वर्ष करीब 9 लाख टन बढ़कर 56.13 लाख टन पर पहुंच गया। गत वर्ष राज्य में 75 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य नियत किया गया था जबकि वास्तविक खरीद 72.41 लाख टन पर पहुंची थी। गेहूं की कुल आपूर्ति 75.61 लाख टन की हुई थी। शेष 3.20 लाख टन गेहूं की खरीद फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं व्यापारियों द्वारा की गई थी। 

हरियाणा में गेहूं की आवक एवं खरीद अभी जारी है। किसान मंडियों में पड़े गेहूं के भारी स्टॉक से परेशान हैं क्योंकि इसके उठाव की गति सुस्त होने से उन्हें अपना माल सही जगह पर रखने में कठिनाई हो रही है।