चीनी के उत्पादन का सीजन नियत समय से पूर्व ही समाप्त
23-Apr-2026 01:51 PM
नई दिल्ली। गन्ना की पैदावार से सम्बन्धित सरकारी अनुमान से संकेत मिल रहा था कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में कम से कम मध्य मई तक चीनी के उत्पादन का सीजन बरकरार रहेगा मगर वास्तविक हालत यह है कि उत्पादन का सीजन अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही लगभग समाप्त हो गया।
मध्य अप्रैल तक 18-20 इकाइयों में गन्ना की थोड़ी-बहुत क्रशिंग हो रही थी और माना जा रहा है कि शीघ्र ही वे मिलें भी बंद हो जाएंगी। अप्रैल का अंत गन्ना क्रशिंग का भी अंत होगा।
महाराष्ट्र-कर्नाटक एवं तमिलनाडु-तेलंगाना में इस बार चीनी का उत्पादन पिछले सीजन से बेहतर रहा जबकि उत्तर प्रदेश, गुजरात एवं बिहार सहित अन्य राज्यों में उत्पादन की स्थिति कमजोर रही। हालांकि कुल मिलाकर राष्ट्रीय स्तर पर चीनी के उत्पादन में बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन यह पहले लगाए गए अनुमान से काफी कम है।
जुलाई-अगस्त में उत्तरी कर्नाटक एवं तमिलनाडु में गन्ना क्रशिंग का विशेष सत्र आयोजित होगा और उसमें करीब 3 लाख टन चीनी का उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके बावजूद 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में चीनी का कुल उत्पादन 280 लाख टन तक पहुंचना मुश्किल लगता है जबकि पहले 309.50 लाख टन का अनुमान लगाया गया था।
