साप्ताहिक समीक्षा-सरसों
31-Aug-2024 06:24 PM
सरसों और डीओसी की मांग बढ़ने की संभावना से सरसों की लिवाली में वृद्धि
नई दिल्ली। आगामी समय में सरसों तेल एवं डीओसी की घरेलू मांग बढ़ने की संभावना है जबकि मंडियों में सरसों की आवक कम हो रही है। हाल के सप्ताहों में इस महत्वपूर्ण तिलहन की कीमतों पर दबाव बना हुआ था लेकिंन अच्छी क्वालिटी के कारण 23-29 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान इसके दाम में 100-150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
42% कंडीशन सरसों
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली तथा जयपुर में 100-100 रुपए बढ़कर क्रमश: 6100 रुपए प्रति क्विंटल तथा 6225/6250 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। हालांकि एवरेज क्वालिटी वाली सरसों का दाम गुजरात में 75 रुपए नरम पड़ गया मगर हरियाणा में बढ़ गया। वहां इसके दाम में सिरसा में 100 रुपए, बरवाला में 165 रुपए, चरखी दादरी में 75 रुपए हिसार में 50 रुपए की वृद्धि हुई। मध्य प्रदेश की मुरैना एवं पोरसा मंडियों में सरसों का दाम 25 रुपए सुधर गया। सरसों की दैनिक आवक 500-1000 बोरी की रही।
राजस्थान
सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त-राजस्थान में कई मंडियों में सरसों की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल या इससे अधिक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई जिसमें जयपुर के अलावा गंगानगर, अलवर, खैरथल, बीकानेर, कुम्भेर, नदवई एवं डीग आदि शामिल है। भरतपुर में भी सरसों का दाम 91 रुपए प्रति क्विंटल ऊंचा रहा।
उत्तर प्रदेश
इधर उत्तर प्रदेश में सरसों का दाम हापुड़ मंडी में 150 रुपए बढ़कर 6250 रुपए प्रति क्विंटल तथा आगरा में 125 रुपए सुधरकर 6575/6800 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
सरसों
सरसों का भाव बढ़ने से सरसों तेल के दाम में भी प्रति 10 किलो पर 20 से 40 रुपए तक का इजाफा हुआ। बीकानेर में एक्सपेलर का मूल्य 50 रुपए उछलकर 1230 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। भरतपुर में 40 रूपए की तेजी रही। दिल्ली में भी दाम 25 रुपए बढ़कर 1200 रुपए पर पहुंचा। आगरा, कोलकाता, मुरैना एवं खैरथल में सरसों तेल के दाम में 20-20 रुपए की तेजी दर्ज की गई।
आवक
23-29 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में रोजाना 2.30-3.00 लाख बोरी सरसों की आवक हुई। प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है। 23 अगस्त एवं 24 अगस्त को 2.65-2.65 लाख बोरी, 27 अगस्त को 2.90 लाख बोरी, 28 अगस्त को 1.00 लाख बोरी तथा 29 अगस्त को 3.00 लाख बोरी सरसों की आवक हुई। सरसों डीओसी की घरेलू एवं निर्यात मांग सामान्य रही।
