साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

14-Aug-2026 07:58 PM

क्रशिंग इकाइयों की कमजोर मांग से सोयाबीन में भारी गिरावट 

नई दिल्ली। मंडियों में आवक की गति सामान्य रहने तथा ऊंचे दाम पर क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों की मांग कमजोर पड़ने से 8-14 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान तीनों प्रमुख उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में सोयाबीन के दाम में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। 
डिलीवरी भाव 
सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य मध्य प्रदेश में 225 से 475 रुपए प्रति क्विंटल तक तथा महाराष्ट्र एवं राजस्थान में 100 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक घट गया। 
प्लांट भाव 
कई प्लांटों के लिए सोयाबीन का भाव घटकर 7000 रुपए प्रति क्विंटल से नीचे आ गया है। सोयाबीन की राष्ट्रव्यापी बिजाई गत वर्ष से कुछ पीछे चल रही है जबकि इसका अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। मौसम की हालत कमोबेश फसल के लिए अनुकूल बनी हुई है। यदि आगे इसमें ज्यादा बिगाड़ नहीं आया तो सोयाबीन का उत्पादन संतोषजनक हो सकता है। 
सोया तेल (रिफाइंड) 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोया रिफाइंड तेल का मूल्य भी कुछ कमजोर देखा गया। इसमें प्रति 10 किलो पर 10-12 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई। कहीं-कहीं कीमतों में इतना ही सुधार भी आया। इसका भाव कोटा एवं कांडला में 5-5 रुपए फिसलकर क्रमश: 1490 रुपए एवं 1455 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया मगर हल्दिया में 5 रुपए सुधरकर 1452/1455 रुपए एवं मुम्बई में 10 रुपए बढ़कर 1450 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। 
आवक 
13 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर पर मंडियों में महज 90 हजार बोरी (100 किलो की प्रत्येक बोरी) सोयाबीन की आवक हुई। जुलाई में विदेशों से सोया तेल का विशाल आयात हुआ जिससे बाजार में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है। 
सोया खल (डीओसी) 
ऊंचे दाम पर सोया डीओसी की घरेलू एवं निर्यात मांग कमजोर रही जिससे कीमतों में कुछ नरमी दर्ज की गई।