साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

16-Aug-2025 05:22 PM

ऊंचे भाव पर मांग कमजोर पड़ने से सोयाबीन में थोड़ी नरमी 

नई दिल्ली। पिछले कुछ सप्ताहों से मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में तेजी मजबूती का माहौल बना हुआ था और कहीं-कहीं यह 4892 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की सीमा को पार करते हुए 5000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया था। 
भाव 
लेकिन ऊंचे भाव पर मांग कुछ कमजोर पड़ने से 9-15 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान इसमें 25-50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गई। फिर भी सोयाबीन का दाम 4800-4900 रुपए प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है। लेकिन समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोया रिफाइंड तेल के दाम में 5-10 रुपए प्रति 10 किलो का सुधार दर्ज किया गया। इसमें त्यौहारी मांग निकलने लगी है और विदेशों से भी तेजी मजबूती के समाचार मिल रहे हैं। 
क्रशिंग 
अर्जेन्टीना एवं ब्राजील में सोयाबीन की जोरदार क्रशिंग हो रही है जबकि अमरीका में अगले महीने के दूसरे हाफ से सोयाबीन के नए माल की आवक शुरू हो जाने की संभावना है। ब्राजील में सितम्बर से सोयाबीन की नई बिजाई शुरू हो जाएगी। 
सोया तेल (रिफाइंड) 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोया रिफाइंड तेल का भाव मुम्बई एवं कांडला में 10-10 रुपए सुधरकर क्रमश: 1250 रुपए एवं 1245 रुपए प्रति 10 किलो, कोटा में 15 रुपए सुधरकर 1275 रुपए प्रति 10 किलो तथा हल्दिया में 25 रुपए बढ़कर 1220/1225 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। 
बिजाई 
खरीफ सीजन की प्रमुख तिलहन फसल-सोयाबीन की बिजाई अंतिम चरण में पहुंच गई है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से पीछे चल रहा है। कुछ इलाकों में ज्यादा बारिश होने तथा खेतों में पानी भर जाने से सोयाबीन की फसल को नुकसान होने की आशंका भी है। 
सरकारी आंकड़ा 
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र तथा राजस्थान में सोयाबीन का रकबा गत वर्ष से तथा सरकारी आंकड़ों से पीछे होने का अनुमान सोपा ने लगाया है। 
प्लांट भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में नरमी आने का एक कारण सोया डीओसी की मांग एवं कीमत कमजोर रहना है। इसके दाम में 500-1000 रुपए प्रति टन तक की गिरावट दर्ज की गई। सोयाबीन की अगैती बिजाई वाली नई फसल की कटाई-तैयारी सितम्बर के तीसरे-चौथे सप्ताह में आरंभ हो जाएगी जबकि अक्टूबर से इसकी आपूर्ति की गति बढ़ने लगेगी।