साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

06-Sep-2025 08:02 PM

मांग एवं उठाव के अनुरूप सोयाबीन के दाम में उतार-चढ़ाव   

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मिलर्स-प्रोसेसर्स द्वारा 30 अगस्त- 5 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन की खरीद में थोड़ी-बहुत दिलचस्पी दिखाई गई जिससे वहां इस महत्वपूर्ण तिलहन का प्लांट डिलीवरी मूल्य 50-60 रुपए प्रति क्विंटल तक सुधर गया। लेकिन महाराष्ट्र और राजस्थान में स्थिति विपरीत रही। वहां कमजोर मांग के कारण सोयाबीन के दाम में 100 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट आ गई। सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य इन राज्यों में 4600/4700 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया जो समर्थन मूल्य से नीचे है। 
सोया रिफाइंड 
लेकिन सोया रिफाइंड तेल की अच्छी मांग रहने से इसकी कीमतों में 2-3 रुपये प्रति किलो की वृद्धि दर्ज की गई। दरअसल त्यौहारी सीजन होने तथा विदेशों से ऊंचा समाचार मिलने के कारण सोयाबीन तेल की कीमत कुछ मजबूत हुई है। मध्य प्रदेश के प्लांटों में सोया रिफाइंड तेल के दाम में 10-20 रुपए प्रति 10 किलो का सुधार दर्ज किया गया जबकि महाराष्ट्र में 25 रुपए प्रति 10 किलो तक की वृद्धि हुई। सोया रिफाइंड तेल का दाम कोटा में 1275 रुपए प्रति 10 किलो पर स्थिर रहा मगर कांडला में 10 रुपए सुधारकर 1240 रुपए प्रति 10 किलो, मुम्बई में 20 रुपए बढ़कर 1270 रुपए एवं हल्दिया में 25 रुपए बढ़कर 1235 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। कांडला पोर्ट पर विदेशों से आयातित क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का दाम कुछ नरम रहा और इसमें 17 डॉलर प्रति टन की गिरावट दर्ज की गई।
सोया खल (डीओसी)  
मध्य प्रदेश में सोया डीओसी का कारोबार सुस्त रेहने से कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया लेकिन महाराष्ट्र में कमजोर मांग के कारण कीमतों में 300 से 700 रुपए प्रति टन तक की गिरावट दर्ज की गई। डिस्टीलर्स ड्राईड ग्रेन्स विद सोल्यूबल्स (डीडीजीएस) की बढ़ती खपत के कारण सोया मील की मांग प्रभावित हो रही है।
उत्पादन  
सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र इस बार पिछले साल से कम है और कुछ इलाकों में भारी वर्षा एवं बाढ़ से फसल को नुकसान होने की सूचना भी मिल रही है। इससे अगला उत्पादन कुछ घटने की आशंका है। नई अगैती फसल की कटाई-तैयारी अगले  एक-दो सप्ताह में आरंभ होने की संभावना है जबकि अक्टूबर से इसकी गति तेज हो जाएगी।